उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने के बाद ऊपर चलने वाले कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों को अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में छिपना पड़ा. घटना के दौरान एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी, उसके बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर पेट शॉप और क्लिनिक संचालित किए जा रहे थे. वहीं दूसरी मंजिल पर 'लर्निंग स्पेस' नाम का कोचिंग सेंटर और 'हेड हॉपर स्टूडियो' संचालित था, जहां 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम किया जाता है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इमारत में धुआं तेजी से फैलने लगा. धुएं और आग के बीच फंसे छात्रों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए बाथरूम में बंद कर लिया और मदद का इंतजार करने लगे. इस दौरान एक छात्र घबराकर पहली मंजिल से कूद गया. नीचे लगी ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलने के काफी देर के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है. हालांकि शुरुआती आशंका है कि बेसमेंट में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की हो सकती है. पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं. इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रही इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.