कानपुर के घाटमपुर में वायुसेना में तैनात एक जवान के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है. घटना में जवान के कान का पर्दा फट गया, जिसके चलते वह पिछले तीन दिनों से एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती है. मामले को लेकर पीड़ित की मां ने डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं.
शादी से लौटने के दौरान पुलिस वालों ने की मारपीट
घाटमपुर थाना क्षेत्र के देवमनपुर गांव निवासी रेखा सचान ने बताया कि उनका बेटा नितीश सचान भारतीय वायुसेना में कार्यरत है. 19 फरवरी को वह नौरंगा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था. देर रात लगभग साढ़े 11 बजे, जब वह मूसानगर रोड स्थित एक गेस्टहाउस से पैदल अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी पुलिस की गश्ती टीम ने उसे रोक लिया.
यह भी पढ़ें: जौनपुर के मोबाइल चोर पुलिसवाले: दुकान में घुसे सिपाही, जेब में फोन रख हुए नौ-दो-ग्यारह, देखें- VIDEO
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जवान से अभद्रता की और बिना किसी ठोस वजह के उससे पूछताछ शुरू कर दी. जब जवान ने विरोध जताया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगा, तो एक दरोगा ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे जबरन वाहन में बैठाकर थाने ले गया.
थाने पहुंचने के बाद जवान को हवालात में बंद कर कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया. इस दौरान उसके बाएं कान में गंभीर चोट आई और कान का पर्दा फट गया. हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया.
डीसीपी ने दिया जांच का आदेश
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने उसे आगे इलाज के लिए कानपुर नहीं भेजा और शांति भंग की कार्रवाई करते हुए छोड़ दिया. इसके बाद परिजन उसे खुद कानपुर स्थित सेवन एयरफोर्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मेडिकल जांच में कान का पर्दा फटने की पुष्टि हुई. फिलहाल जवान का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
इधर मामले की जानकारी मिलने पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि जवान की मां से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है. पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए एडीसीपी योगेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.