scorecardresearch
 

घर में घुसकर 19 साल की प्रेमिका की गोली मारकर हत्या, चाचा से बोला- भतीजी को गोली मार दी है

झांसी में 19 वर्षीय चंचल की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि उसका प्रेमी कमल रायक्वार दीवार फांदकर अंदर पहुंचा और कनपटी पर गोली मारकर भाग गया. वारदात के बाद उसने युवती के चाचा को रास्ते में रोककर हत्या की जानकारी दी. घटना से पहले आरोपी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उसने शादी को लेकर विवाद का दावा किया.

Advertisement
X
आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटीं.(Photo: Pramod Kumar Gautam/ITG)
आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटीं.(Photo: Pramod Kumar Gautam/ITG)

उत्तर प्रदेश के झांसी में दिनदहाड़े घर में घुसकर 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि कमल रायक्वार नाम का युवक दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और चंचल की कनपटी में गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी रास्ते में मिले युवती के चाचा से बोला कि उसने उनकी भतीजी को गोली मार दी है, जाकर देख लो.

चाचा ने जब घर पहुंचकर देखा तो चंचल खून से लथपथ पड़ी थी. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर का है. सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

यह भी पढ़ें: भरोसा किया तो गए! झांसी GRP के हत्थे चढ़ा गुजरात का हाईटेक 'ट्रेन लुटेरा' परिवार, सफर में हंसते-बोलते करते थे चोरी

परिजनों के मुताबिक, चंचल अपनी दादी के साथ रहती थी. कमल उसे काफी समय से परेशान करता था. परिवार ने उसे समझाने की कई बार कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना. आरोपी से परेशान होकर परिजनों ने चंचल की पढ़ाई भी छुड़वा दी थी. बाद में उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी.

Advertisement

दिसंबर में होनी थी शादी, नवरात्रि में तिलक की थी तैयारी

परिवार के अनुसार, चंचल की शादी दिसंबर में तय थी और नवरात्रि के दौरान 12 तारीख को तिलक होना था. इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. परिजनों ने मोटरसाइकिल भी खरीद ली थी. इसी बीच यह वारदात हो गई.

मृतका के पिता सोनू ने रोते हुए बताया कि कमल रायक्वार ने उनकी बेटी को गोली मारी है. उन्होंने कहा कि चंचल आरोपी से परेशान थी, इसलिए उसे यहां दादी के पास रखा गया था. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार सीपरी बाजार थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी बात बताई.

सोनू के मुताबिक, आरोपी से लगातार परेशानी के कारण उन्होंने बेटी का स्कूल भी छुड़वा दिया था. इसके बावजूद कमल ने उसका पीछा नहीं छोड़ा. पिता ने कहा कि बेटी की शादी तय कर दी थी और तिलक की तैयारियां भी हो चुकी थीं. अब इस घटना के बाद परिवार के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.

फायरिंग के बाद चाचा से बोला- भतीजी को गोली मार आया हूं

चंचल के चाचा मोनू रायक्वार ने बताया कि वह करीब 12 से 1 बजे तक घर पर थे. इसके बाद किसी काम से बाहर चले गए. करीब दो-तीन घंटे बाद जब वह वापस आ रहे थे, तभी फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दी. उन्हें लगा कि शायद किसी ने पटाखा चलाया है.

Advertisement

इसी दौरान उनकी नजर आरोपी पर पड़ी. मोनू के मुताबिक, कमल ने उनसे कहा कि वह उनकी भतीजी को गोली मारकर आया है और जाकर देख लें. चाचा को पहले लगा कि आरोपी मजाक कर रहा होगा. लेकिन घर पहुंचने पर चंचल खून से लथपथ मिली. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी चंचल का प्रेमी बताया जा रहा है. एसएसपी विकास कुमार के मुताबिक, आरोपी पीछे की तरफ से दीवार के सहारे घर में दाखिल हुआ और युवती को गोली मारकर फरार हो गया. घटना के वक्त लड़की घर में अकेली थी और बाहर से ताला लगा हुआ था.

आरोपी की तलाश में चार टीमें, हर पहलू से जांच

एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि सिद्धेश्वर नगर में करीब 19 वर्षीय युवती की घर के अंदर गोली लगने से मौत हुई है. परिवार ने बताया कि एक युवक उससे प्रेम करता था और उसकी शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी गई थी. आरोपी ने पीछे से चढ़कर घर में प्रवेश किया और गोली मारकर भाग गया.

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है. मृतका के सिर में गोली लगी है और पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटा रही है.

Advertisement

वारदात से कुछ घंटे पहले आरोपी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था. वीडियो में वह दावा कर रहा है कि वह करीब चार साल से चंचल से प्यार करता था. उसके मुताबिक, चंचल उससे बातचीत करती थी और दोनों लगातार संपर्क में थे. आरोपी ने दावा किया कि चार साल पहले उसके पिता को इस रिश्ते का पता चला तो उन्होंने चंचल को पीटा और उसकी पढ़ाई छुड़ा दी.

वायरल वीडियो में आरोपी ने शादी का विरोध और धमकी का किया दावा

वायरल वीडियो में आरोपी ने दावा किया कि इसके बावजूद चंचल उससे मिलती रही. उसका कहना है कि जब उसके पिता को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उसकी शादी दूसरी जगह तय करने की बात शुरू कर दी. आरोपी के मुताबिक, चंचल ने शादी से इनकार भी किया था, लेकिन उसके पिता नहीं माने.

कमल ने वीडियो में दावा किया कि उसे भी लगातार धमकियां मिल रही थीं और चंचल की शादी जबरन कराई जा रही थी. उसने यह भी कहा कि परिवार ने शादी की तैयारी में गाड़ी खरीद ली थी. आरोपी ने वीडियो में खुद को मिल रही कथित धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि इसी वजह से वह कोई गलत कदम उठाने जा रहा है.

Advertisement

वीडियो के अंत में आरोपी ने दावा किया कि लोगों तक यह वीडियो पहुंच जाएगा और इसमें उसने अपने मरने की वजह बताई है. हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए इन दावों की पुलिस की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement