उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र में अचानक बिगड़े मौसम और तेज आंधी से बड़ा हादसा हो गया. अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, बिलारा गांव में तेज आंधी के दौरान एक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दो बच्चों की मौत हो गई. मृतक बच्चों की पहचान 10 वर्षीय मनीष और 10 वर्षीय लाडो के रूप में हुई है.
यह भी पढ़ें: हाथरस: चिलचिलाती धूप में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी शादीशुदा महिला, प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी; ऐसे उतरी नीचे
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे आंधी से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे, तभी अचानक दीवार गिर गई और वे मलबे में दब गए. ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है. मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है.
उधर इसी थाना क्षेत्र के बर्धवारी गांव में एक अन्य हादसा सामने आया है. यहां बकरी चरा रहा एक व्यक्ति तेज आंधी के दौरान हादसे का शिकार हो गया.
तेज हवा के कारण एक पेड़ गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आंधी ने ली तीन जान
लगातार हुई इन घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. एक ही दिन में तीन लोगों की मौत से स्थानीय लोग सदमे में हैं.
अचानक बदले मौसम और तेज आंधी ने खुशियों को मातम में बदल दिया. प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है.