ग्रेटर नोएडा स्थित बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड स्थित रघुनंदन पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई. जहां थार चालक ने पहले गाड़ी का टैंक फुल कराया और फिर ऑनलाइन भुगतान करने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया. जब पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने बाइक से उसका पीछा किया तो आरोपी ने उसे टक्कर मार दी. जिससे सेल्समैन घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक थार में फंस गई. आरोपी करीब 5 किलोमीटर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया. बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर थार समेत चालक को लुहारली टोल से पहले गिरफ्तार कर लिया.
घसीटते समय थार में फंसी बाइक से निकलने लगी थी चिंगारी
पुलिस के अनुसार अनुसार सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जौली गांव निवासी हर्ष (22) शुक्रवार को अपने मामा के यहां दुजाना गांव आया हुआ था. शाम करीब साढ़े छह बजे के समय वह थार गाड़ी लेकर धूम गांव के पास जीटी रोड स्थित रघुनंदन पेट्रोल पंप पर पहुंचा. वहां उसने वाहन का टैंक फुल कराया. डीजल भरवाने के बाद उसने भुगतान ऑनलाइन करने की बात कही. वहीं पेट्रोल पंप पर तैनात सेल्समैन कुलदीप शर्मा जब भुगतान मशीन लेने के लिए अंदर गए. इसी दौरान मौका पाकर थार चालक गाड़ी स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया. गाड़ी के अचानक निकल जाने पर कुलदीप शर्मा ने तुरंत अपनी बाइक उठाई और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े घर के बाहर युवक को मारी गोली, CCTV में कैद हुई वारदात, Video
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार चालक तेज रफ्तार में चिटहेरा बाईपास की ओर भागा. जब बाइक सवार सेल्समैन उसकी गाड़ी के बराबर पहुंचा तो आरोपी ने जानबूझकर बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही कुलदीप शर्मा सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए. उनकी बाइक थार में फंस गई, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका. आरोपी थार चालक बाइक को करीब पांच किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया. इस दौरान सड़क पर घर्षण के कारण चिंगारियां उठती रहीं, जिससे आसपास के राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया.
वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
कई लोगों ने इस घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया. इसका सीसीटीवी भी सामने आया है. बताया जाता है कि लुहारली टोल से पहले आरोपी छौलस गांव की ओर मुड़ गया था. जिसे फिर पकड़ लिया गया. सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि एक थार गाड़ी सवार पेट्रोल पंप पर टंकी फुल कराने के बाद वहां से भाग गया. पेट्रोल पंप कर्मचारी द्वारा पीछा करने पर उसकी मोटरसाइकिल पर थार गाड़ी सवार ने टक्कर मार दी, जिसमें मोटरसाइकिल चालक घायल होकर अलग गिर गया और थार के नीचे मोटरसाइकिल अटक गई. जिसे वह घसीट कर काफी दूर तक ले गया. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और थार को भी कब्जे में ले लिया गया है.