उत्तर प्रदेश के बलिया में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसमें पति पर अपनी पत्नी की हत्या कराने का आरोप है. पुलिस का दावा है कि पति ने अपनी फीमेल फ्रेंड के साथ मिलकर पूरी साजिश रची. पहले पत्नी को घूमाने के बहाने घर से बाहर ले जाया गया, फिर उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया और बेहोशी की हालत में उसकी हत्या कर दी गई.
एजेंसी के अनुसार, मामला बलिया के कोतवाली क्षेत्र का है. 24 मई को शिवपुर दियारा इलाके में झाड़ियों के बीच एक युवती का शव मिला था. बाद में उसकी पहचान रेवती नगर की रहने वाली 22 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई.
इस मामले की शिकायत प्रीति के पिता श्याम देव ने पुलिस से की है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 6 मार्च 2025 को चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी. शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. 22 मई को परिवार को सूचना मिली कि प्रीति लापता है. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
जांच के दौरान पुलिस ने प्रीति के पति 25 वर्षीय चुन्नीलाल प्रजापति और उसकी महिला मित्र 21 वर्षीय शोभा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि दोनों की शादी एक साल पहले हुई थी. पीड़िता के पिता की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: मुंबई की मॉडर्न लाइफ और गांव की परंपरा के बीच उलझी शादी, प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दे दी जान
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने चुन्नीलाल प्रजापति और उसकी महिला मित्र शोभा चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान शोभा ने बताया कि 22 मई की सुबह 9 बजे चुन्नीलाल के कहने पर वह प्रीति को घुमाने के बहाने बलिया से बयासी पुल की ओर ले गई.
शोभा ने बताया कि चुन्नीलाल ने उसे एक छोटा पैकेट दिया था, जिसमें कोई पदार्थ था. चुन्नीलाल ने कहा था कि यह पदार्थ पानी की बोतल में मिला दे और प्रीति को पिला दे. फिर उसे ई-रिक्शा से पुल तक ले जाए. पानी में पाउडर मिलाने के बाद शोभा ने वह पानी प्रीति को पिला दिया. जब प्रीति बेहोश हो गई तो वे दोनों बयासी में ई-रिक्शा से उतर गए.
इसके कुछ देर बाद चुन्नीलाल भी वहां पहुंच गया. उन्होंने प्रीति को बाइक पर अपने बीच बैठाया और उसे पुल के पार एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां कथित तौर पर चुन्नीलाल ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. घर लौटने से पहले उन्होंने उसी जगह झाड़ियों में शव छिपा दिया. इसके बाद चुन्नीलाल ने बलिया के कोतवाली पुलिस स्टेशन में पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है.