scorecardresearch
 

20 दिन की शादी, सड़क पर मारपीट और फिर बदल गई पूरी कहानी...चौंका देगी इटावा की यह घटना 

Etawah News: इटावा में शादी के महज 20 दिन बाद एक नवविवाहित दंपती का मामला चर्चा में है. पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखने के शक में सड़क पर विवाद हुआ, जिसका वीडियो वायरल हो गया. अगले दिन पति ने फांसी लगाकर जान दे दी. पति की मौत की खबर के बाद पत्नी ने भी आत्महत्या का प्रयास किया. पुलिस वायरल वीडियो, दोनों पक्षों के बयान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

Advertisement
X
शादी के 20दिन बाद ही पति-पत्नी में विवाद हो गया (PhotoITG)
शादी के 20दिन बाद ही पति-पत्नी में विवाद हो गया (PhotoITG)

यूपी के इटावा जिले में शादी के सिर्फ 20 दिन बाद सामने आई एक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पहले सड़क पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और अगले ही दिन दोनों की जिंदगी में ऐसा मोड़ आया कि पूरा गांव स्तब्ध रह गया. अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी अहम साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है.

मामला इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ गांव का है. यहां रहने वाले 25 वर्षीय अंकित कुशवाहा की शादी 6 जुलाई 2026 को खुशबू से हुई थी. परिवार अभी नई शादी की खुशियों से बाहर भी नहीं निकला था कि दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आने लगीं. परिजनों के अनुसार घटना से एक दिन पहले खुशबू किसी परिचित के साथ बस स्टैंड की ओर जा रही थी. इसी दौरान अंकित ने पत्नी को दूसरे युवक के साथ देख लिया. इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट भी हुई. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और दोनों को समझाकर घर भेज दिया. हालांकि परिवार के लोगों का कहना है कि घर लौटने के बाद भी माहौल सामान्य नहीं हो पाया. इसी दौरान सड़क पर हुए विवाद का वीडियो भी किसी ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. अब यही वीडियो पुलिस की जांच का हिस्सा बन गया है.

Advertisement

अगली सुबह खेत में मिला अंकित

परिवार के मुताबिक सोमवार सुबह अंकित घर से निकला था. कुछ देर बाद जानकारी मिली कि घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में एक पेड़ से उसका शव लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आवश्यक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी ने भी उठाया बड़ा कदम

अंकित की मौत की जानकारी मिलने के बाद पत्नी खुशबू की तबीयत भी बिगड़ गई. परिजनों के अनुसार उसने पहले नींद की गोलियां खाईं और बाद में साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी का प्रयास किया. गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ समय तक उसने हंगामा भी किया. बाद में डॉक्टरों और परिजनों ने समझाकर उसका उपचार शुरू कराया. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. अस्पताल में उपचार के दौरान खुशबू ने अपने पक्ष में कहा कि उसके पति को गलतफहमी हो गई थी. उसका कहना है कि वह बाजार में कपड़े खरीदने गई थी. उसी दौरान उसके पति ने उसे किसी दूसरे युवक के साथ देखकर शक किया और बाजार में ही मारपीट शुरू कर दी. खुशबू के मुताबिक उसी समय गुस्से में उसने कहा था कि वह ऐसे व्यवहार के साथ नहीं रह सकती क्योंकि उसके साथ मारपीट की जा रही थी.

Advertisement

भाई ने क्या लगाए आरोप

मृतक अंकित के बड़े भाई राजेश ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि परिवार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि बिना किसी लिखित सहमति के बहू को कहीं नहीं भेजेंगे. उनके अनुसार छोटे भाई की पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ जा रही थी, जिसको लेकर विवाद हुआ था. राजेश का कहना है कि उसी घटना के बाद अंकित मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और अगले दिन उसने यह कदम उठा लिया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अब पुलिस की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. वीडियो में सड़क पर पति-पत्नी के बीच विवाद और लोगों की भीड़ दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो किसने बनाया, उसमें दिखाई दे रही परिस्थितियां क्या थीं और पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता क्या है.

पुलिस क्या कह रही है

सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है. सीओ के अनुसार घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि युवक की शादी करीब 20 दिन पहले हुई थी और उसी के बाद यह पूरा घटनाक्रम सामने आया. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement