उत्तर प्रदेश के बांदा से अजीबोगरीब हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक शख्स ने 50 रुपये के लिए दुकानदार की उंगली दांत से काटकर अलग कर दी और उसके बेटे को घायल कर दिया. पुलिस ने पीड़ित के शिकायत पर एफआईआर दर्ज की और पीड़ित को स्वास्थ्य केंद्र मेडिकल के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है.
मामला जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के कस्बे का है. यहां के रहने वाले शिवचन्द्र करवरिया कपड़े बेचने का काम करते हैं. उनका आरोप है कि नरैनी कोतवाली क्षेत्र के रहने वाला एक शख्स एक फ्रॉक लेने आया था. फ्रॉक लेकर चला गया. दूसरे दिन फिर शख्स आया और कहा कि यह फ्रॉक छोटी है बड़ी दे दो. इस पर उसने कहा कि बड़ी फ्रॉक लेने पर 50 रुपये ज्यादा देना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें- अपहरण के बाद जंगल में नाबालिग से किया था रेप, कोर्ट ने दोषी को सुनाई 30 साल की सजा
'जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार'
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और हाथापाई शुरू हो गई. इसी बीच दुकानदार का बेटा भी आ गया. फिर आरोपी ग्राहक ने दुकानदार की बाएं हाथ की छोटी उंगली दांतों से काटकर अलग कर दी और बेटे को घायल कर दिया. आरोप है कि इसके बाद दबंग शख्स ने उनके ठेले से कपड़े भी सड़क पर फेंक दिया. मोहल्ले वालों ने बीच बचाव किया, लेकिन दबंग आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया.
मामले में SHO ने कही ये बात
कोतवाली नरैनी के एसएचओ सुरेश सैनी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. दुकानदार की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है. मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.