उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष से मेदांता अस्पताल में मुलाकात की. मेदांता अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के स्वास्थ्य का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की.
बता दें, महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें सोमवार को दोपहर को अस्पताल लाया गया था.
जानकारी के मुताबिक उस समय उन्हें सांस लेने में समस्या का सामना करना पड़ रहा था. साथ ही पेशाब में इंफेक्शन की शिकायत भी थी. वहीं, अब शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अस्पताल पहुंचे और महंत नृत्य गोपाल दास महाराज का हालचाल जाना. सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है.
डॉक्टर ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास का इलाज अस्पताल की सीसीएम टीम की निगरानी में चल रहा है. इस टीम का नेतृत्व डॉ. दिलीप दुबे कर रहे हैं. यूरिन इन्फेक्शन की जांच और इलाज भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि महंत गोपाल को लगातार स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है और उनकी हालत पहले से बेहतर है.
इससे पहले डॉक्टर ने उनकी सेहत को लेकर जानकारी दी थी. अस्पताल के एक डॉक्टर के अनुसार, महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत में पहले के मुकाबले काफी सुधार हुआ है. उन्होंने बताया कि भर्ती होने के बाद से उनकी स्थिति लगातार बेहतर हो रही है और स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है.