
Uttar Pradesh News: शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुरा गांव में मंगलवार सुबह एक 18 वर्षीय युवक गोविंद का जला हुआ शव जंगल के कुएं से बरामद हुआ. मृतक गोविंद सरकारी शिक्षक सुखबीर सिंह का बेटा था और आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था. वह सोमवार रात करीब 11 बजे घर से पास ही स्थित घेर में पढ़ने और सोने गया था, जहां से वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया. मंगलवार सुबह 9:30 बजे एक राहगीर ने कुएं में जला हुआ शव देखकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं.
सोने गया था छात्र, सुबह बिस्तर से मिला गायब
परिजनों के मुताबिक, गोविंद रोजाना की तरह सोमवार रात को घेर में सोने के लिए गया था. मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब परिवार के लोग वहां पहुंचे, तो गोविंद अपने बिस्तर से गायब था.

काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा. कुछ घंटों बाद गांव के ही जंगल में एक कुएं के भीतर उसकी जली हुई लाश मिलने से कोहराम मच गया. छात्र की इस तरह नृशंस हत्या से ग्रामीणों में भारी रोष और दहशत का माहौल है.
जल्द होगा हत्याकांड का खुलासा: एसपी
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छात्र का जला हुआ शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस की टीमें मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं. एसपी ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों का पता लगाया जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पुलिस गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की कड़ी जोड़ी जा सके.