scorecardresearch
 

बुलंदशहर में सिर के बाल चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश, पुलिस ने ₹1 लाख के बालों के साथ पांच शातिर दबोचे

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस ने एक अनोखी चोरी का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों ने एक बाइक पर टंगे थैले से करीब 5 किलो बाल चोरी किए थे, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है.

Advertisement
X
बुलंदशहर पुलिस ने सिर के बाल चुराने वाला गैंग पकड़ा (Photo- Screengrab)
बुलंदशहर पुलिस ने सिर के बाल चुराने वाला गैंग पकड़ा (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: बुलंदशहर की खुर्जा नगर पुलिस ने शाहपुर क्षेत्र से मोहित, अर्जन, टिंकू, संजय और बिट्टू नामक पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया. इन आरोपियों ने 23 फरवरी को एक बाइक पर टंगे थैले से 4.720 किलोग्राम बाल चोरी किए थे, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये है. पीड़ित द्वारा सूचना देने पर पुलिस ने सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य की मदद से कार्रवाई की. आरोपियों ने अधिक पैसे कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के बाल और एक अवैध चाकू बरामद कर इन्हें जेल भेज दिया है.

बाइक से उड़ाया बालों से भरा थैला

बुलंदशहर में चोरी की यह अजीबोगरीब घटना खुर्जा नगर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर के पास हुई. यहां एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल पर बालों से भरा थैला टांगकर दुकान के काम से गया था. जब वह वापस लौटा तो थैला गायब था. 

पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली में दी. पुलिस भी शुरू में 5 किलो बाल चोरी होने की बात सुनकर हैरान रह गई, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.

महंगे दामों में बेचने का था लालच

एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों में से कुछ बुलंदशहर, कुछ गौतमबुद्धनगर और कुछ कन्नौज के रहने वाले हैं. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें पता था कि बाजार में इंसानी बालों की कीमत बहुत अधिक होती है. इसी लालच में उन्होंने सुनसान जगह खड़ी बाइक से मौका पाकर थैला पार कर दिया था. पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है ताकि गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement