उत्तर प्रदेश के बांदा में मां से बातचीत करने को लेकर महिला के बेटे का एक शख्स (मां के कथित प्रेमी) से विवाद हो गया. आरोप है कि युवक ने नाराज होकर उस व्यक्ति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना अतर्रा कोतवाली क्षेत्र की है. आग की चपेट में आने से पीड़ित बुरी तरह झुलस गया.
पीड़ित नरैनी कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. उसके मुताबिक, अतर्रा क्षेत्र के एक गांव में उसका आना-जाना था. वहां एक महिला से उसकी बातचीत होती थी. इसी दौरान महिला के पहले पति के बेटे उमेश से उसका विवाद हो गया.
यह भी पढ़ें: बांदा-टांडा NH पर भरा 3 फीट पानी, सड़क बनी तालाब; जानलेवा गड्ढों में फंस रहीं गाड़ियां, पलटा ट्रैक्टर
आरोप है कि उमेश ने उसे महिला से बातचीत करने और वहां आने-जाने से मना किया था. पीड़ित के मुताबिक, उसके मना करने के बावजूद जब वह महिला से बातचीत करता रहा तो विवाद बढ़ गया. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया.
पेट्रोल डालकर जलाने से बुरी तरह झुलसा पीड़ित
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आग की वजह से पीड़ित गंभीर रूप से झुलस गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है. पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की.
शिकायत मिलने के बाद अतर्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी उमेश को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई.
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. घटना के पीछे महिला से बातचीत और आरोपी की आपत्ति को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
जान से मारने की नीयत से आग लगाने का केस
डिप्टी SP अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि अतर्रा थाने में एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर गंभीर रूप से जला देने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 352/2026 के तहत सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया.
उन्होंने बताया कि केस के आरोपी उमेश पुत्र रामप्रताप, निवासी ग्राम बल्लान, थाना अतर्रा को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को जेल भेजा जा रहा है. पुलिस के अनुसार, इस संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है.
फिलहाल, पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, मामले में दर्ज मुकदमे और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.