उत्तर प्रदेश में बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बदायूं में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू बुधवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से शेखूपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश घायल हो गए. दोनों के बाएं हाथ में गोली छूकर निकली है और उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस टीम पर ढालू ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बदायूं-बिजनौर हाईवे पर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा. पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जितेंद्र उर्फ ढालू सीने में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
संदिग्ध बाइक सवार को रोका तो भागा
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि बुधवार रात पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस से बचने के लिए उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल घायल हुए हैं, जबकि बदमाश गोली लगने से घायल हो गया था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई.
डकैती मामले में पहले भी हुई गिरफ्तारी
एसएसपी ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान संभल के बनियाठर निवासी, मूल रूप से हापुड़ के धौलाना निवासी जितेंद्र उर्फ ढालू के रूप में हुई है. वह 19 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में फरार चल रहा था. इस घटना में पुलिस पहले ही गिरोह के सात बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि ढालू फरार था.
50 हजार रुपये का इनामी था ढालू
एसएसपी के मुताबिक, जितेंद्र उर्फ ढालू पर बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. उसके खिलाफ अमरोहा, नोएडा, दनकौर और बदायूं समेत कई जनपदों में डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद ढालू के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और कुछ जेवर बरामद किए हैं. बरामद जेवरों की पहचान कराई जा रही है. आशंका है कि ये जेवर डकैती की वारदातों से जुड़े हो सकते हैं.