उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक नेत्रहीन से थाने में बदसलूकी का मामला सामने आया था. इस वाकये का वीडियो भी वायरल हुआ था. अब इस मामले में बिसौली पुलिस थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर और एक सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को नेत्रहीन शिकायतकर्ता को गाली देते और थाने से बाहर धक्के देते हुए देखा जा सकता है.
SSP अंकिता शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई लिखित शिकायत के अनुसार 3 मार्च को एक मोटरसाइकिल की टक्कर एक ई-रिक्शा से हो गई थी. इस दुर्घटना में बाइक सवार सुरेश पाल और उनके नेत्रहीन चाचा मोरपाल घायल हो गए थे. मोरपाल ने इस दुर्घटना के बारे में बिसौली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. बाद में इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई, जिसमें पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया था.
गालियां देने के बाद निकाल दिया था घर से बाहर
शिकायत के अनुसार मोरपाल शनिवार को कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने गए थे. हालांकि इस दौरान उनकी पुलिस से बहस हो गई. बताया जा रहा है कि बहस के दौरान इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर अपना आपा खो बैठे, उन्होंने शिकायतकर्ता को गालियां दीं और उन्हें अपने चैंबर से बाहर धक्के देकर निकाल दिया.
इस कथित घटना का एक वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जांच के बाद इंस्पेक्टर पुंडीर और सब-इंस्पेक्टर भूपेंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया गया है. इस मामले की जांच का जिम्मा सर्किल ऑफिसर सुनील कुमार को सौंपा गया है.