scorecardresearch
 

आजम खान को अब ED ने किया गिरफ्तार, रामपुर जेल से रिहा होते ही एक्शन, आज कोर्ट में होगी पेशी

रामपुर जेल से आजम खान की रिहाई के बाद ED ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को ED की टीम CRPF के जवानों के साथ जेल के बाहर पहुंची और आजम खान को अपने साथ ले गई. ED ने इस मामले में 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया था. इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और अब्दुल्ला आजम की जमानत अर्जी मंजूर की थी और सजा निलंबित की थी.

Advertisement
X
ED ने आजम खान को रामपुर जेल से हिरासत में लिया. (Photo: ITG)
ED ने आजम खान को रामपुर जेल से हिरासत में लिया. (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश से रामपुर से बड़ी खबर सामने आई है. प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने शनिवार को आजम खान को रामपुर जेल से गिरफ्तार कर लिया. आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली थी और वे शनिवार शाम को ही जेल से रिहा हुए थे. लेकिन रिहाई के तुरंत बाद ED की टीम उन्हें अपने साथ ले गई. अब ईडी आजम खान को रविवार सुबह करीब 10 बजे कोर्ट में पेश करेगी और कस्टडी की मांग करेगी.

दरअसल, ED ने आजम खान के खिलाफ 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया था. उधर, हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद आजम खान और अब्दुल्ला आजम की जेल से रिहाई की उम्मीद थी. इसी बीच ED की टीम रामपुर जेल के बाहर पहुंच गई. टीम के साथ CRPF के जवान भी मौजूद थे. वहीं अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है.

रिहाई के बाद ED ने आजम खान को हिरासत में लिया और वे टीम के साथ जेल से बाहर निकल गए. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. 

यह भी पढ़ें: आजम खान और बेटे अब्दुल्ला को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत, दो पैन कार्ड केस में राहत

हाईकोर्ट से क्या राहत मिली थी?

आजम खान और अब्दुल्ला आजम ने दो पैन कार्ड मामले में ट्रायल कोर्ट के फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. दोनों ने क्रिमिनल रिवीजन याचिका दायर की थी. इसमें दोषसिद्धि पर रोक लगाने, सजा को निलंबित करने और अंतरिम जमानत पर रिहा करने की मांग की गई थी. 15 अक्टूबर को सुनवाई पूरी हुई और कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. इसके बाद जस्टिस समित गोपाल की सिंगल बेंच ने अपना फैसला सुनाया. हाईकोर्ट ने दोनों की जमानत अर्जी मंजूर कर ली और सजा निलंबित कर दी. हालांकि दोषसिद्धि पर रोक लगाने की मांग को कोर्ट ने नामंजूर कर दिया.

Advertisement

उठाया सवाल

रामपुर जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अब कहने के लिए क्या बचा है और वह क्या कह सकते हैं. आजम खान ने कहा कि कानून का अस्तित्व ही खत्म हो गया है. आजम खान ने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या मुस्लिम होने की यही सजा है?' उन्होंने कहा कि उनकी गलती सिर्फ इतनी थी कि एक मुस्लिम ने यूनिवर्सिटी बनाई. आजम खान ने कहा कि उन्होंने बच्चों के लिए स्कूल बनाए, क्या यही उनका अपराध है?.

प्रवर्तन निदेशालय ने क्या कहा था

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कहा था कि उसने मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत रामपुर स्थित आजम खान की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और बिल्डिंग को अटैच किया था. एजेंसी के मुताबिक, इन संपत्तियों की मौजूदा बाजार कीमत 1,170 करोड़ रुपये थी.

ED ने आरोप लगाया था कि सार्वजनिक कार्यों के लिए मिलने वाले सरकारी फंड का इस्तेमाल निजी यूनिवर्सिटी के निर्माण में किया गया था. एजेंसी ने आरोप लगाया था कि आजम खान ने शहरी विकास मंत्री और उत्तर प्रदेश जल निगम में कैबिनेट मंत्री रहते हुए अपने प्रभाव का इस्तेमाल कथित अनियमितताओं के लिए किया था. रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने जुलाई में यूनिवर्सिटी परिसर की 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था. इसके बाद यूनिवर्सिटी की ओर से इस आदेश के खिलाफ अपील दायर की गई थी.

Advertisement

अखिलेश यादव ने साधा निशाना 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान के समर्थन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है. उन्होंने आजम खान के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने लिखा, 'आज के हुक्मरानों को याद रहे जब वक़्त बदल जाता है तो तख़्त बदल जाता है.'

उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ मुकदमों की जो साजिश की जा रही है, उसे पूरा देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया देख रही है. अखिलेश यादव ने कहा कि किसी उम्रदराज व्यक्ति को इस तरह के बेमानी मुकदमों में फंसाकर बार-बार जेल में डालना बेहद कायराना हरकत है. सपा प्रमुख ने आगे कहा कि आज की सत्ता जिस गलत रवायत को हवा दे रही है, हवा बदलने पर वह खुद उसकी शिकार होगी. उन्होंने कहा कि तब भागते नहीं बनेगा. अखिलेश यादव ने कहा कि नाइंसाफी जब हद से गुजर जाती है तो जुल्म करने वाले के लिए ही कहर बन जाती है. उन्होंने आखिर में इसे 'बेहद निंदनीय' बताया.

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में जेल में आजम खान से मुलाकात की थी. उन्होंने बीजेपी सरकार पर आजम खान के खिलाफ राजनीतिक बदले की कार्रवाई करने का आरोप लगाया था. अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया था कि आजम खान के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए थे. ED ने इस मामले में अगस्त में छापेमारी भी की थी और आजम खान से पूछताछ की थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement