scorecardresearch
 

गोरखपुर: बाराती नाच रहे थे तभी चली गोली, डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी, मौत

गोरखपुर के गगहा क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक डीजे ऑपरेटर की मौत हो गई. बारात मैरिज हॉल पहुंचने से पहले एक युवक ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें तीसरी गोली डीजे चला रहे गोलू उर्फ छोटू के सिर में लगी. अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है.

Advertisement
X
(Photo: Representational )
(Photo: Representational )

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया. बारात अभी मैरिज हॉल तक पहुंची भी नहीं थी कि फायरिंग की घटना में एक डीजे ऑपरेटर की गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया.

तीसरी गोली डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी
जानकारी के अनुसार, गगहा थाना क्षेत्र के पाण्डेयपार निवासी हरि गोविंद गुप्ता के यहां शादी समारोह आयोजित था. शनिवार रात करीब 10 बजे बारात घर से मैरिज हॉल की ओर बढ़ रही थी. बारात में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान बारात में शामिल एक युवक ने पिस्टल निकालकर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि युवक ने लगातार तीन राउंड फायर किए. इनमें से दो गोलियां हवा में चली गईं, जबकि तीसरी गोली डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी.

गोली लगते ही डीजे चला रहे गोलू उर्फ छोटू मौके पर ही गिर पड़े. उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक छोटू गोला थाना क्षेत्र के गौशाला गांव का निवासी था और पेशे से डीजे ऑपरेटर था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

Advertisement

इस संबंध में एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है. कुछ लोगों से पूछताछ की गई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और शादी समारोह में मौजूद लोगों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement