scorecardresearch
 

अमरोहा में सिपाही का हाईवोल्टेज ड्रामा: बिना टायर हाईवे पर कई KM तक दौड़ाई कार,लोगों को रौंदने के बाद भागा

अमरोहा में पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही पर नशे में कार चलाकर दो लोगों को टक्कर मार दिया. हादसे के बाद वह बिना टायर के रिम पर कार दौड़ाते हुए NH-9 से भागने लगा. पीछा कर रहे लोगों ने वीडियो बना लिया और जोया टोल प्लाजा पर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि हुई.

Advertisement
X
अमरोहा में सिपाही लोगों को रौंदने के बाद भाग गया (Photo ITG)
अमरोहा में सिपाही लोगों को रौंदने के बाद भाग गया (Photo ITG)

अमरोहा जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही पर नशे की हालत में कार चलाते हुए दो लोगों को टक्कर मार दिया. हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया तो आरोपी सिपाही अपनी क्षतिग्रस्त कार लेकर मौके से भाग निकला. हैरानी की बात यह रही कि कार का एक टायर निकल चुका था, इसके बावजूद वह कार को केवल रिम के सहारे नेशनल हाईवे-9 पर दौड़ाता रहा. इस दौरान पीछा कर रहे लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

घटना के बाद लोगों ने जोया टोल प्लाजा पर आरोपी सिपाही को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जानकारी के अनुसार, अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही संजीव देर रात अपनी कार से किराये के कमरे की ओर जा रहा था. आरोप है कि इस दौरान वह शराब के नशे में था. रास्ते में उसकी कार ने दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने कार को घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने सिपाही को रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान कार में तोड़फोड़ भी हुई और आरोपी के साथ मारपीट की गई. लेकिन मौका मिलते ही सिपाही भीड़ को चकमा देकर क्षतिग्रस्त कार लेकर भाग निकला.

Advertisement

बिना टायर के रिम पर दौड़ती रही कार

हादसे के दौरान कार का एक टायर निकल चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी सिपाही कार नहीं रोक रहा था. वह बिना टायर के केवल रिम के सहारे कार को नेशनल हाईवे-9 पर तेज रफ्तार से दौड़ाता रहा. रिम सड़क से रगड़ खाने के कारण चिंगारियां निकलती रहीं और कार की आवाज दूर तक सुनाई देती रही. इस दौरान पीछे चल रहे कुछ कार सवारों ने उसका पीछा किया और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार का टायर नहीं है, फिर भी वह हाईवे पर दौड़ रही है. यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया.

जोया टोल प्लाजा पर पकड़ में आया आरोपी

पीछा कर रहे लोगों ने कुछ दूरी पर स्थित जोया टोल प्लाजा पर कार को घेर लिया. वहां मौजूद लोगों की मदद से आरोपी सिपाही को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई तथा कार को भी कब्जे में ले लिया. घटना के दौरान टोल प्लाजा पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. इसके बाद घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अमरोहा पुलिस ने बताया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ सड़क दुर्घटना, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपी को हिरासत में लेकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा. अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement