अखिलेश यादव ने यूपी बोर्ड और ICSE में सर्वाधिक अंक पाने वाले बच्चों को लैपटॉप देकर सम्मानित किया. मेरठ से विधायक अतुल प्रधान मेरठ के टॉपर बच्चों को लेकर आए, जिन्हें सम्मानित किया गया. इसके साथ ही बंगाल चुनाव परिणाम पर अखिलेश यादव ने कहा, “दीदी बंगाल में थीं और रहेंगी.”
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “मैं जब गंगा एक्सप्रेसवे से हरदोई जाना चाह रहा था तो बताया गया कि एक्सप्रेसवे बंद है. जब कहा गया कि प्रधानमंत्री के उद्घाटन के बाद एक्सप्रेसवे बंद करने से बदनामी होगी, तो एक्सप्रेसवे खोल दिया गया और हमें रोकने के लिए लगाए गए पत्थर हटाए गए.”
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, बीजेपी झूठ की सोनपापड़ी बनाती है. एक झूठ पर दूसरा झूठ फैला देती है. डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से सभी चीजें महंगी हो जाएंगी. बीजेपी ने कभी महंगाई को रोकने और अपने लोगों को ज्यादा मुनाफा कमाने से नहीं रोका.
चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “हम सब जानते हैं कि इलेक्शन कमीशन एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन यूपी में जब रामपुर का चुनाव हुआ, उपचुनाव हुए, तब हमने देखा कि चुनाव आयोग ने बीजेपी से मिलकर पहले मॉक ड्रिल की थी, जिसे इन लोगों ने बंगाल में एक पैरेलल स्ट्रक्चर बना दिया.”
उन्होंने आगे कहा, “अगर स्मार्ट मीटर में बेइमानी हो सकती है तो ईवीएम में क्यों नहीं हो सकती. कल एक अलर्ट आया कि आपका मोबाइल बंद होकर भी अलर्ट आए, तो टेक्नोलॉजी से कैसे बेइमानी नहीं हो सकती.”
उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ गोरखपुर में शिक्षकों के पद कम किए गए हैं. सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों को एयरलिफ्ट कर बचाने वाले सेना के जवानों को अखिलेश यादव ने धन्यवाद दिया.