scorecardresearch
 

मोबाइल फॉर्मेट किया, तोड़ा लैपटॉप...,12वीं के छात्र ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

ग्रेटर नोएडा स्थित थाना बादलपुर क्षेत्र के धूममानिकपुर गांव में शनिवार शाम 12वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. पुलिस इस आत्महत्या के पीछे का कारण पता लगाने की कोशिश में जुटी है.

Advertisement
X
स्कूली छात्र ने पिस्टल से खुद को मारी गोली (Photo: itg)
स्कूली छात्र ने पिस्टल से खुद को मारी गोली (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित थाना बादलपुर क्षेत्र के धूममानिकपुर गांव में शनिवार शाम एक 18 साल के छात्र ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस व फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान देवकरण पुत्र परवेंदर रावल, निवासी धूममानिकपुर के रूप में हुई है. वह दादरी स्थित एनटीपीसी में डीपीएस स्कूल में कक्षा 12 का छात्र था. परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है, जो दिव्यांग बताया गया है. मृतक के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और गांव में कृषि कार्य करने के साथ साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं .

परिजनों के मुताबिक घटना से पहले देवकरण दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में गया था. आरोप है कि उसने अपने मोबाइल का डाटा डिलीट किया और लैपटॉप को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद घर में रखी पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर उसकी मां और छोटा भाई ऊपर पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था. परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए.

Advertisement

आनन-फानन में छात्र को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के साथ-साथ पारिवारिक व अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

बादलपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार देवकरण शांत स्वभाव का था और उसकी किसी मानसिक परेशानी की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement