scorecardresearch
 

कोबरा ने पति को काटा... पत्नी ने जहर चूसकर बचाना चाहा, उसकी भी बिगड़ी हालत

टीवी और फिल्मों में अक्सर दिखाया जाता है कि सांप काट लेने के बाद उसका जहर मुंह से चूसकर निकाल दिया जाता है. चीन में एक महिला ने यही तरीका अपनाया और अपने पति को बचाने की कोशिश में खुद भी अस्पताल पहुंच गई. डॉक्टरों का कहना है कि फिल्मों में दिखाए जाने वाले ऐसे तरीके खतरनाक हो सकते हैं और इन्हें कभी नहीं अपनाना चाहिए.

Advertisement
X
पति को बचाने की कोशिश में महिला खुद पहुंच गई अस्पताल (Photo - AI Generated)
पति को बचाने की कोशिश में महिला खुद पहुंच गई अस्पताल (Photo - AI Generated)

चीन के दक्षिण-पश्चिमी युन्नान प्रांत में रहने वाले एक किसान के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने उसकी पत्नी को भी मुश्किल में डाल दिया. किसान अपने खेत में काम कर रहा था, तभी एक कोबरा ने उसकी उंगली पर काट लिया.

कुछ ही देर में उसकी उंगली सूज गई और उसे चक्कर आने लगे. शरीर में कमजोरी महसूस होने लगी. पति की हालत देखकर पत्नी घबरा गई. उसने बिना कुछ सोचे-समझे वही किया, जो उसने टीवी और फिल्मों में देखा था. उसने पति के जख्म पर मुंह लगाकर जहर चूसकर निकालने की कोशिश शुरू कर दी.

पति तो अस्पताल पहुंचा, कुछ घंटों में पत्नी की भी बिगड़ी हालत 
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक,  परिवार वाले किसान को तुरंत अस्पताल ले गए. शुरुआत में ऐसा लगा कि पत्नी पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन कुछ घंटों बाद उसके मुंह, जीभ, चेहरे और हाथ-पैरों में सुन्नपन महसूस होने लगा. अगले दिन उसकी हालत और बिगड़ गई. उसे बेहद कमजोरी महसूस होने लगी, जिसके बाद परिवार उसे भी अस्पताल लेकर पहुंचा.

डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि पति-पत्नी दोनों स्थानीय प्रजाति के कोबरा के जहर की चपेट में आ गए हैं. दोनों का तुरंत एंटी-वेनम और दूसरी जरूरी दवाओं से इलाज शुरू किया गया. इलाज के बाद कुछ दिनों में दोनों की हालत स्थिर हो गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

Advertisement

डॉक्टर बोले- फिल्मों वाला तरीका बिल्कुल न अपनाएं
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बहुत से लोगों को आज भी यह गलतफहमी है कि सांप का जहर मुंह से चूसकर निकाला जा सकता है. डॉक्टरों के मुताबिक, मुंह के अंदर बहुत महीन रक्त वाहिकाएं  होती हैं. अगर जहर इनके संपर्क में आ जाए तो वह सीधे बचाने वाले व्यक्ति के शरीर में अंदर खून में भी पहुंच सकता है. यही वजह है कि महिला खुद भी जहर की चपेट में आ गई.

डॉक्टरों ने यह भी बताया कि सांप के काटने के निशान अक्सर बहुत छोटे होते हैं और जहर कुछ ही सेकंड में त्वचा के नीचे या खून में फैल जाता है. ऐसे में उसे मुंह से चूसकर निकाल पाना लगभग असंभव होता है.

जख्म काटना, आग या बर्फ लगाना भी हो सकता है खतरनाक
डॉक्टरों ने लोगों को चेतावनी दी कि सांप काटने पर जख्म को ब्लेड या चाकू से काटकर खून निकालने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए. इससे मरीज का ज्यादा खून बह सकता है और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.इसी तरह जख्म पर आग से गर्म करना या बर्फ लगाना भी सही तरीका नहीं है.

यह भी पढ़ें: यहां कपल ने वीडियो में कर दिया KISS... फिर दोनों को सरेआम मारे गए कोड़े!

Advertisement

डॉक्टरों के अनुसार अगर किसी को सांप काट ले तो सबसे पहले मेडिकल इमरजेंसी सेवा को सूचना दें और मरीज को जितना हो सके कम हिलाएं-डुलाएं, ताकि जहर तेजी से शरीर में न फैले. अगर संभव हो तो सांप का रंग, शरीर पर बने निशान और सिर का आकार याद रखें या सुरक्षित दूरी से उसकी तस्वीर ले लें. इससे डॉक्टर यह पहचानने में आसानी होती है कि किस प्रजाति के सांप ने काटा है और कौन-सी एंटी-वेनम दवा देनी है.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
चीन में सांप के काटने की घटनाएं अक्सर चर्चा में रहती हैं. इसी साल मई में गुआंगडोंग प्रांत में 14 साल के एक छात्र को स्कूल परिसर में घास के बीच किसी अज्ञात जीव ने काट लिया था. शुरुआत में उसे दर्द नहीं हुआ, इसलिए उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया.

कुछ घंटों बाद उसके हाथ-पैर सुन्न होने लगे और धुंधला दिखाई देने लगा. डॉक्टरों ने समय रहते उसे एंटी-वेनम दिया. उनका कहना था कि अगर इलाज में सिर्फ एक-दो घंटे और देर हो जाती तो उसकी सांसें तक रुक सकती थीं.

यह भी पढ़ें: डॉक्टरों को लगा ब्रेन कैंसर है... लेकिन शख्स के दिमाग में पल रहा था सूअर वाला कीड़ा

Advertisement

युन्नान की इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हुई. कई लोगों ने लिखा कि फिल्मों और टीवी में दिखाए जाने वाले हर तरीके पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए. वहीं कुछ लोगों ने महिला की तारीफ करते हुए कहा कि उसने अपने पति को बचाने के लिए अपनी जान की भी परवाह नहीं की.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement