scorecardresearch
 

20 मिनट का काम और मैकेनिक ले गया ₹9,500, भारतीय महिला ने बताई अमेरिका में स्किल की कीमत

अमेरिका में रहने वाली भारतीय महिला अमृता सिंह ने बताया कि गैरेज का दरवाजा ठीक कराने के लिए मैकेनिक ने सिर्फ 20 मिनट में 100 डॉलर (करीब ₹9,500) चार्ज किए. इसके बाद उन्होंने अमेरिका में स्किल्ड वर्कर्स की कमाई, सम्मान और डिग्री बनाम स्किल पर अपनी राय साझा की, जिस पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.

Advertisement
X
ये वीडियो अमृता ने शेयर किया (Photo:Insta/@amrita_life_in_usa)
ये वीडियो अमृता ने शेयर किया (Photo:Insta/@amrita_life_in_usa)

अमेरिका में रहने वाली भारतीय महिला अमृता सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वजह है गैरेज के दरवाजे की मामूली मरम्मत का बिल. अमृता के मुताबिक, एक मैकेनिक ने सिर्फ 20 मिनट में काम पूरा किया और 100 डॉलर यानी करीब ₹9,500 चार्ज किए. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर स्किल, कमाई और डिग्री को लेकर नई बहस छेड़ रहा है.

अमृता ने वीडियो में साफ किया कि वह इस रकम की शिकायत नहीं कर रही हैं. उनका कहना है कि अमेरिका में स्किल्ड वर्कर्स को उनकी मेहनत और हुनर की अच्छी कीमत मिलती है. उन्होंने लिखा कि चाहे आपके पास डिग्री हो या नहीं, अगर आपके पास स्किल है तो आप अमेरिका में अच्छी जिंदगी जी सकते हैं.

'यहां कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता'

उनके मुताबिक अमेरिका में प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, गैरेज डोर टेक्नीशियन और दूसरे स्किल्ड वर्कर्स की हमेशा मांग रहती है. यही वजह है कि उन्हें अच्छी कमाई के साथ समाज में सम्मान भी मिलता है. वहां किसी काम को छोटा या बड़ा नहीं माना जाता और स्किल को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाता है.

यही मॉडल कई लोग अमेरिका की सबसे बड़ी ताकत भी मानते हैं. उनका तर्क है कि देश हुनरमंद लोगों को अवसर देता है और उनकी स्किल के हिसाब से भुगतान करता है. यही कारण है कि दुनिया भर के प्रोफेशनल्स और स्किल्ड वर्कर्स वहां काम करना चाहते हैं.

Advertisement

'इस देश में है हुनर की कद्र'

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका में कई स्किल्ड ट्रेड्स से जुड़े लोग सालाना करोड़ों रुपये के बराबर कमाई कर लेते हैं. दूसरी ओर भारत में इसी तरह के काम के लिए आमतौर पर 500 से 1,500 तक चार्ज किए जाते हैं. इसी अंतर की वजह से अमेरिका की सर्विस कॉस्ट भारतीयों को अक्सर हैरान कर देती है.

हालांकि कई यूजर्स ने इस तुलना पर सवाल भी उठाए. उनका कहना है कि भारत और अमेरिका की कमाई की सीधे तुलना करना सही नहीं है, क्योंकि अमेरिका में रहने का खर्च भी काफी ज्यादा है. वहां 100 डॉलर की वैल्यू भारत में ₹9,500 जितनी नहीं मानी जाती.

देखें वीडियो

वहीं दूसरी राय रखने वाले लोगों का कहना है कि तुलना सिर्फ रकम की नहीं, बल्कि जीवन स्तर की भी होनी चाहिए. उनके मुताबिक अमेरिका में स्किल्ड वर्कर्स को बेहतर आय, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान मिलता है. भारत में भी अब स्किल्ड वर्कर्स की मांग बढ़ रही है, लेकिन कई लोगों का मानना है कि उन्हें अभी भी उनकी योग्यता के मुताबिक सम्मान और भुगतान नहीं मिल पाता.

अमृता का यह वीडियो अब हजारों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. कई यूजर्स ने लिखा कि सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि स्किल सीखना भी उतना ही जरूरी है. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि भारत में भी अगर स्किल्ड वर्कर्स को बेहतर अवसर और सम्मान मिले तो तस्वीर काफी बदल सकती है.

Advertisement

अमृता इससे पहले भी अमेरिका में महंगाई, सर्विस चार्ज और वहां की लाइफस्टाइल से जुड़े कई वीडियो शेयर कर चुकी हैं, जिन्हें भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने काफी पसंद किया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement