scorecardresearch
 

उम्र 77 साल, काम- कोई राहगीर प्यासा न रहे... 21 साल से मुफ्त में पानी पिला रहे हैं ये बुजुर्ग

राजस्थान के बाड़मेर-बटाडू मार्ग पर 77 वर्षीय थाना राम कड़वासरा भीषण गर्मी में राहगीरों को मुफ्त में ठंडा पानी पिलाते हैं. उनकी 21 साल की निस्वार्थ सेवा का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.

Advertisement
X
राजस्थान से सामने आया एक वीडियो भी कुछ ऐसी ही इंसानियत की मिसाल पेश करता है (Photo:Insta/@desertslife)
राजस्थान से सामने आया एक वीडियो भी कुछ ऐसी ही इंसानियत की मिसाल पेश करता है (Photo:Insta/@desertslife)

कहते हैं, इस दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं. एक वे, जो हर काम के बदले कुछ पाने की उम्मीद रखते हैं. उनके लिए मेहनत का मतलब रोजी-रोटी, कमाई और जिंदगी को आगे बढ़ाना होता है. यह गलत भी नहीं है, क्योंकि हर इंसान की अपनी जिम्मेदारियां होती हैं.

लेकिन इसी दुनिया में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो बिना किसी स्वार्थ और बिना किसी उम्मीद के दूसरों के लिए जीते हैं. वे मदद करते हैं, समय देते हैं और अच्छे काम करते हैं, लेकिन बदले में न पहचान चाहते हैं, न तारीफ और न ही कोई इनाम. उनके लिए किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान ही सबसे बड़ा पुरस्कार होती है.

ऐसे लोग आज भी हमारे आसपास मौजूद हैं, बस उनकी कहानियां कम सामने आती हैं. राजस्थान से सामने आया एक वीडियो भी कुछ ऐसी ही इंसानियत की मिसाल पेश करता है, जिसे देखकर सोशल मीडिया पर लोग भावुक हो रहे हैं.

यह कहानी राजस्थान के बाड़मेर जिले के हूडो की ढाणी गांव में रहने वाले थाना राम कड़वासरा की है. वायरल वीडियो के मुताबिक, वह पिछले 21 वर्षों से बाड़मेर-बटाडू मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को मुफ्त में ठंडा पीने का पानी पिलाते हैं.

Advertisement

45 से 47 डिग्री की गर्मी में बनते हैं राहगीरों का सहारा

राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में गर्मियों के दौरान तापमान अक्सर 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है. ऐसे मौसम में लंबा सफर करने वाले लोगों के लिए ठंडा पानी किसी राहत से कम नहीं होता. थाना राम हर दिन सड़क किनारे पानी के मटके भरते हैं और बोतलों में ठंडा पानी भरकर बस यात्रियों, टैक्सी ड्राइवरों और राहगीरों को पिलाते हैं. उनका मानना है कि प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं होता.

देखें वीडियो

न कोई बोर्ड, न दान पेटी... सिर्फ सेवा

वीडियो की सबसे खास बात यह है कि वहां न कोई बड़ा बोर्ड लगा है, न दान पेटी और न ही किसी तरह का प्रचार. थाना राम बिना किसी पहचान या इनाम की इच्छा के हर दिन अपना यह काम करते हैं.आज जब कई बार अच्छे काम भी कैमरे के सामने किए जाते हैं, ऐसे समय में उनका यह निस्वार्थ सेवा भाव लोगों को अलग तरह से प्रेरित कर रहा है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने थाना राम के जज्बे को सलाम किया. कई यूजर्स ने लिखा कि समाज ऐसे लोगों की वजह से ही बेहतर बनता है. कुछ लोगों ने उन्हें 'रेगिस्तान का फरिश्ता' तो कुछ ने 'पानी वाला बाबा' कहा.

Advertisement

77 साल की उम्र में भी रोज सड़क किनारे खड़े होकर अनजान लोगों की प्यास बुझाने वाले थाना राम कड़वासरा यह याद दिलाते हैं कि इंसानियत की सबसे बड़ी पहचान बड़े काम नहीं, बल्कि रोज किए जाने वाले छोटे-छोटे नेक काम होते हैं. शायद यही वजह है कि उनका वीडियो लाखों लोगों का दिल जीत रहा है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement