scorecardresearch
 

इस शख्स ने गर्दन से खींची 9000 किलो की बस... आप भी देखें वीडियो

अरूबा के ताकतवर खिलाड़ी एग्मंड मोलिना ने केवल अपनी गर्दन की मदद से 9,860 किलोग्राम यानी 21,737 पाउंड वजन वाली बस को 20 मीटर तक खींचकर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया. ह्यूमन क्रेन के नाम से मशहूर एग्मंड के नाम पहले से कई अनोखे ताकत वाले रिकॉर्ड दर्ज हैं. उनकी इस उपलब्धि की दुनिया भर में चर्चा हो रही है.

Advertisement
X
इस उपलब्धि की दुनिया भर में चर्चा हो रही है. ( Photo: Insta/ https://www.guinnessworldrecords.com)
इस उपलब्धि की दुनिया भर में चर्चा हो रही है. ( Photo: Insta/ https://www.guinnessworldrecords.com)

दुनिया में कई लोग अपनी ताकत और मेहनत से ऐसे कारनामे कर दिखाते हैं, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान रह जाता है. ऐसा ही एक शानदार रिकॉर्ड अरूबा के ताकतवर खिलाड़ी एग्मंड मोलिना ने बनाया है. 49 साल के एग्मंड ने केवल अपनी गर्दन की मदद से करीब 9,860 किलोग्राम यानी 21,737 पाउंड वजन वाली बस को खींचकर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने यह भारी बस 20 मीटर तक खींची और दुनिया को अपनी असाधारण ताकत का परिचय दिया. इस रिकॉर्ड के साथ एग्मंड ने यूक्रेन के दिमित्रो ह्रुंस्की का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. दिमित्रो ने 2024 में 8,060 किलोग्राम वजन वाला वाहन गर्दन से खींचकर रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन एग्मंड ने उससे भी ज्यादा भारी बस खींचकर नया इतिहास रच दिया.

एग्मंड मोलिना को लोग 'ह्यूमन क्रेन' यानी मानव क्रेन के नाम से भी जानते हैं. उनके नाम पहले से ही कई विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं. उन्होंने केवल गर्दन से बस खींचने का ही नहीं, बल्कि एक उंगली से भारी वजन उठाने, ट्राम खींचने और दांतों की मदद से वजन उठाने जैसे कई अनोखे रिकॉर्ड बनाए हैं. उनके कुछ रिकॉर्ड बेहद हैरान कर देने वाले हैं. उन्होंने एक उंगली से 20 मीटर तक बस खींचने का रिकॉर्ड बनाया है. इसके अलावा उन्होंने केवल एक उंगली से 159 किलोग्राम वजन उठाकर भी रिकॉर्ड बनाया. इतना ही नहीं, उन्होंने कमर बेल्ट की मदद से 1,002 किलोग्राम यानी एक टन से ज्यादा वजन उठाया था. यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जाती है क्योंकि एग्मंड का खुद का वजन केवल 87 किलोग्राम है.

परिवार और देश से मिलती है प्रेरणा
एग्मंड का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा उनका परिवार और उनका देश अरूबा है. अरूबा एक छोटा सा द्वीप है, जिसकी आबादी करीब 1 लाख 10 हजार है. एग्मंड चाहते हैं कि दुनिया यह देखे कि छोटे देशों से भी बड़े खिलाड़ी निकल सकते हैं. उन्होंने कहा कि उनके सारे रिकॉर्ड उनके परिवार और देश को समर्पित हैं. उन्होंने बताया कि वह अपने चार बच्चों निगेल, एग्मंड जूनियर, बेंजामिन और एडेलिंडा को गर्व महसूस कराना चाहते हैं. इसके साथ ही वह अपने देश के युवाओं को अनुशासन और मेहनत की सीख देना चाहते हैं. एग्मंड ने कहा कि उनका सपना है कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनें,

Advertisement

रिकॉर्ड बनाने के दौरान लगी कई चोटें
हालांकि, इतनी बड़ी उपलब्धियां हासिल करना आसान नहीं था. एग्मंड को अपने करियर में कई गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा. बस खींचते समय उनकी उंगली की स्किन तक फट गई थी. एक अन्य रिकॉर्ड के दौरान उनके जबड़े में सूजन आ गई थी. वहीं भारी प्लेटफॉर्म उठाते समय उनके घुटने में चोट लगी और ट्राम खींचने के दौरान उनके कंधे में गहरा घाव हो गया. सबसे मुश्किल चुनौती हाल ही में बस खींचने के दौरान आई.

उन्होंने बताया कि गर्दन पर बंधी रस्सी की वजह से उनकी सांस की नली दब रही थी. ऐसे में उन्हें सांस को नियंत्रित करते हुए बस खींचनी पड़ी. उन्होंने कहा कि यह केवल शारीरिक ताकत नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती की भी परीक्षा थी. इन सभी मुश्किलों के बावजूद एग्मंड ने हार नहीं मानी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement