क्या आपने कभी किसी को ऊंट की पीठ पर बैठकर ऑफिस का काम करते देखा है? सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने लोगों को हैरान भी किया है और हंसने पर भी मजबूर कर दिया है. वीडियो में एक शख्स सहारा रेगिस्तान के बीच ऊंट की पीठ पर बैठा लैपटॉप पर काम करता नजर आ रहा है. इसे देखकर इंटरनेट यूजर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं.
न्यूयॉर्क के कंटेंट क्रिएटर साद अख्तर ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. कुछ ही सेकंड की इस क्लिप ने 'वर्क फ्रॉम एनीवेयर' को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. लोग कह रहे हैं कि अब ऑफिस की मीटिंग से बचने के लिए शायद दुनिया में कोई जगह नहीं बची.
ऊंट की पीठ पर बैठकर करता रहा काम
वीडियो में देखा जा सकता है कि रेत के विशाल टीलों के बीच एक ऊंट आराम से आगे बढ़ रहा है. उसकी पीठ पर बैठा एक शख्स सामने लैपटॉप खोलकर स्क्रीन पर पूरी तरह ध्यान लगाए हुए है. ऐसा लगता है जैसे वह किसी ऑनलाइन मीटिंग में शामिल हो या ऑफिस का जरूरी काम निपटा रहा हो.
वीडियो पर लिखा है कि आपका वह दोस्त जो 'घर से काम करता है'.वहीं वीडियो रिकॉर्ड करते हुए साद अख्तर मजाकिया अंदाज में कहते हैं, "भाई तो सहारा रेगिस्तान से ही ऑफिस की मीटिंग अटेंड कर रहा है.उनका यह मजाकिया कमेंट भी सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है और यूजर्स इसे जमकर शेयर कर रहे हैं.
'वर्क फ्रॉम एनीवेयर' पर छिड़ी चर्चा
कोरोना महामारी के बाद रिमोट वर्क कल्चर तेजी से बढ़ा है. आज कई लोग घर, कैफे, पहाड़ या यात्रा के दौरान भी लैपटॉप से काम करते नजर आते हैं. लेकिन सहारा रेगिस्तान में ऊंट की पीठ पर बैठकर काम करता यह शख्स लोगों को 'वर्क फ्रॉम एनीवेयर' का शायद सबसे अनोखा उदाहरण लग रहा है.
देखें वीडियो
लोगों ने किए मजेदार कमेंट
वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन मजेदार प्रतिक्रियाओं से भर गया. एक यूजर ने लिखा कि इसे ही असली Work From Anywhere कहते हैं. दूसरे ने मजाक में कहा कि लगता है ऑफिस की मीटिंग्स अब रेगिस्तान तक पहुंच गई हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि डेडलाइन से बचना अब किसी के बस की बात नहीं.
कई लोगों ने यह भी कहा कि टेक्नोलॉजी ने काम करने का तरीका पूरी तरह बदल दिया है. अब इंटरनेट हो तो दुनिया का कोई भी कोना ऑफिस बन सकता है.
तेजी से वायरल हो रहा है VIDEO
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं. ऊंट की पीठ पर लैपटॉप खोलकर काम करता यह शख्स इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है. अब लोग मजाक में एक ही सवाल पूछ रहे हैं- अगर सहारा रेगिस्तान से भी ऑफिस की मीटिंग अटेंड हो सकती है, तो आखिर छुट्टी मनाने की सही जगह कौन-सी है?