आमतौर पर किसी इंसान के मुंह में 32 दांत होते हैं, वहीं मलेशिया के एक इंजीनियर ने इस संख्या को पीछे छोड़ते हुए विश्व रिकॉर्ड बना दिया है. उनके मुंह में कुल 42 दांत हैं. इसी अनोखी वजह से उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है. उनकी मुस्कान अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है.
मलेशिया के इंजीनियर ने बनाया रिकॉर्ड
मलेशिया के रहने वाले प्रथाब मुनियांडी ने सबसे ज्यादा दांत होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. 33 साल के प्रथाब तेल और गैस इंडस्ट्री में इंजीनियर के रूप में काम करते हैं. उनके मुंह में कुल 42 दांत हैं, जो सामान्य लोगों की तुलना में 10 ज्यादा हैं.इस उपलब्धि को 28 दिसंबर 2023 को आधिकारिक तौर पर मान्यता दी गई. डॉक्टरों की जांच के बाद पुष्टि हुई कि उनके मुंह में 42 दांत मौजूद हैं.
परिवार के साथ चाय पीते समय चला पता
प्रथाब को अपने अतिरिक्त दांतों के बारे में सबसे पहले 2021 में एक पारिवारिक चाय-समारोह के दौरान पता चला. बातचीत के दौरान उन्होंने परिवार से कहा कि शायद उनके मुंह में सामान्य से ज्यादा दांत हैं.जब परिवार ने गिनती की तो उस समय 38 दांत निकले. बाद में जब डॉक्टरों ने एक्स-रे किया तो पता चला कि चार और दांत निकलने वाले हैं.2023 की शुरुआत तक उनके मुंह में कुल 42 दांत निकल आए.हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इस रिकॉर्ड को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया. इसके बाद प्रथाब मुनियांडी एक बार फिर इंटरनेट पर वायरल हो गए और लोग उनके बारे में ज्यादा जानने में दिलचस्पी लेने लगे.
लोगों को नहीं होता यकीन
प्रथाब बताते हैं कि ज्यादातर लोगों को पहली नजर में उनके अतिरिक्त दांतों का पता ही नहीं चलता. लेकिन जब वह खुद बताते हैं कि उनके मुंह में 42 दांत हैं, तो लोग हैरान रह जाते हैं.उनका कहना है कि आमतौर पर लोगों के मुंह में 32 दांत होते हैं, इसलिए जब लोग सुनते हैं कि उनके पास 10 अतिरिक्त दांत हैं तो उन्हें विश्वास करना मुश्किल लगता है.
कैसे रखते हैं अपने दांतों का ख्याल
इतने ज्यादा दांत होने के बावजूद प्रथाब अपनी ओरल हेल्थ का खास ध्यान रखते हैं. वह दिन में दो बार ब्रश करते हैं और नियमित रूप से फ्लॉस भी करते हैं.वह एक बच्चे के पिता हैं और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी सामान्य तरीके से जीते हैं.
खुद के लिए भी खास है यह रिकॉर्ड
प्रथाब कहते हैं कि दुनिया में सबसे ज्यादा दांत होने का रिकॉर्ड अपने नाम करना उनके लिए बहुत खास अनुभव है. उन्होंने अपने दांतों की देखभाल में मदद करने वाले डॉक्टरों का भी धन्यवाद किया.दिलचस्प बात यह है कि महिलाओं में सबसे ज्यादा दांत होने का रिकॉर्ड भारत की कल्पना बालन के नाम है, जिनके मुंह में 38 दांत हैं.
डॉक्टरों के मुताबिक किसी व्यक्ति के मुंह में सामान्य से ज्यादा दांत होना हाइपरडोंशिया (Hyperdontia) नाम की स्थिति के कारण होता है. यही वजह है कि प्रथाब की मुस्कान अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है.