भारत का खाना सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अलग अंदाज के लिए भी दुनियाभर में मशहूर है. जो भी विदेशी भारत आते हैं, वे यहां की संस्कृति के साथ-साथ स्ट्रीट फूड का स्वाद जरूर लेते हैं. खासकर पानी पूरी तो ऐसा स्नैक है, जिसे एक बार खाने के बाद भूल पाना मुश्किल होता है. अब एक जापानी महिला की कहानी इसी बात को साबित कर रही है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. हर्मेस नाम की इस जापानी महिला को भारत का पानी पूरी इतना पसंद आ गया कि अब वह इसे अपने देश जापान में बेचने का प्लान बना रही हैं.
पहले बार में पसंद आया पानी पूरी
शुरुआत में उन्होंने इसे सिर्फ एक बार ट्राई किया था, लेकिन धीरे-धीरे यह उनका फेवरेट स्नैक बन गया. अब हालत यह है कि वह हफ्ते में कई बार पानी पूरी खाती हैं और इसके बिना रहना उनके लिए मुश्किल हो गया है. हर्मेस ने अपने अनुभव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए, जहां लोगों ने उनकी कहानी को खूब पसंद किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पहली बार पानी पूरी खाई, तो उन्हें इसका स्वाद बिल्कुल अलग और मजेदार लगा—खट्टा, मीठा और तीखा, सब कुछ एक साथ. यही वजह है कि वह बार-बार इसे खाने लगीं. दिलचस्प बात यह है कि हर्मेस के पति, जो आमतौर पर नए या विदेशी खाने से बचते हैं, वे भी पानी पूरी के दीवाने हो गए हैं.
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
हर्मेस ने मजाक में कहा कि उनके पति तो अब अक्सर पानी पूरी के बारे में सोचते रहते हैं. इससे साफ पता चलता है कि भारतीय खाने का स्वाद किसी भी देश के लोगों को आसानी से पसंद आ सकता है. अब हर्मेस ने एक बड़ा फैसला लिया है. वह जापान में पानी पूरी की दुकान खोलना चाहती हैं. उनका कहना है कि वह ऐसी जगह बनाना चाहती हैं, जहां लोग आसानी से चलते-फिरते इस स्वाद का मजा ले सकें.
यानी वह भारत के स्ट्रीट फूड कल्चर को जापान तक पहुंचाना चाहती हैं. सिर्फ बाहर खाना ही नहीं, हर्मेस ने घर पर भी पानी पूरी बनाने की कोशिश शुरू कर दी है. उन्होंने इसके लिए एक DIY किट खरीदी है और खुद इसे बनाकर देख रही हैं. इसके अलावा, वह भारत के अलग-अलग इलाकों में जाकर पानी पूरी के अलग-अलग स्वाद को समझने की कोशिश कर रही हैं, ताकि वह अपने बिजनेस में बेहतर आइडिया ला सकें.