अगर कोई आपसे कहे कि 18 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगानी है, तो शायद आपके कदम भी डगमगा जाएं. लेकिन एक भारतीय दादाजी ने न सिर्फ बिना डरे स्काईडाइविंग की, बल्कि हवा में उड़ते हुए पूरे जोश के साथ 'जय हिंद, जय भारत, जय हरियाणा' के नारे भी लगाए. अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.
वायरल वीडियो को अंकित नाम के एक भारतीय युवक ने शेयर किया है. वीडियो में वह अपने दादाजी को ऑस्ट्रेलिया में स्काईडाइविंग कराने ले जाते नजर आते हैं. अंकित बताते हैं कि यह पहली बार नहीं है. इससे पहले भी उनके दादाजी 15 हजार फीट की ऊंचाई से स्काईडाइव कर चुके हैं. इस बार उन्होंने रोमांच का स्तर बढ़ाते हुए 18 हजार फीट से छलांग लगाने का फैसला किया.
वीडियो में अंकित कहते हैं कि भाई, अभी हम अपने बाबाजी को ऑस्ट्रेलिया में स्काईडाइविंग कराने लाए हैं. पिछली बार 15 हजार फीट से करवाई थी, अबकी बार 18 हजार फीट से करवा रहे हैं.
'डरता कौन है मैं?'
वीडियो का सबसे यादगार पल तब आता है, जब अंकित अपने दादाजी से पूछते हैं कि बाबा, डरता तो नहीं? इस पर दादाजी बिना एक पल सोचे मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं कि डरता कौन है मैं? यही एक लाइन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रही है. हजारों लोग दादाजी के आत्मविश्वास और जिंदादिली की तारीफ कर रहे हैं.
देखें वीडियो
आसमान में गूंजा 'जय हिंद'
जैसे ही स्काईडाइव शुरू होती है, दादाजी पूरे उत्साह के साथ "जय हिंद, जय भारत, जय हरियाणा" के नारे लगाने लगते हैं. उनका जोश देखकर लोग भावुक हो गए. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, "Dada Ji Skydiving, 18,000 Feet in Australia."
लोगों ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा कि मुझे जिंदगी में ऐसा ही कॉन्फिडेंस चाहिए.
दूसरे ने कहा कि दादाजी में आज के कई युवाओं से ज्यादा हिम्मत है.एक अन्य यूजर ने लिखा कि जय हिंद सुनकर रोंगटे खड़े हो गए. वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. असली ताकत हौसले में होती है.
सोशल मीडिया पर छाया VIDEO
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे प्रेरणादायक बता रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि दादाजी ने साबित कर दिया कि जिंदगी जीने का जज्बा उम्र का मोहताज नहीं होता.
हालांकि, यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर शेयर किए गए यूजर-जनरेटेड वीडियो पर आधारित है. वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन दादाजी का एक जवाब-डरता कौन है मैं? लाखों लोगों का दिल जरूर जीत रहा है.