मनोज बाजपेयी बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में शुमार हैं. मदर दमदार एक्टिंग के साथ एक्टर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं.
दरअसल, ब्राह्मण फैमिली से ताल्लुक रखने वाले मनोज बाजपेयी ने मुस्लिम धर्म की शबाना रजा से शादी की है. कई सालों की डेटिंग के बाद मनोज और शबाना ने साल 2006 में शादी करके हमेशा के लिए एक दूजे का हाथ थाम लिया था.
शबाना भी एक समय पर एक्ट्रेस थीं. लेकिन शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली थी. शबाना लाइमलाइट से दूर हो गईं. वो बॉलीवुड पार्टीज भी अटेंड नहीं करतीं.
अब मनोज बाजपेयी ने शबाना संग अपनी लव स्टोरी पर बात की है. उन्होंने ये भी बताया कि उनकी पत्नी क्यों कभी उनके सेट पर भी नहीं आती हैं.
'स्क्रीन' संग बातचीत में मनोज बाजपेयी ने खुलासा किया कि शबाना (नेहा) संग उन्हें पहली नजर में ही प्यार हो गया था. मनोज बोले- उस समय उनकी फिल्म 'करीब' की सफलता का जश्न मनाया जा रहा था और वो 'फाइंड ऑफ द ईयर' बन चुकी थीं. जब मैंने उन्हें देखा और उनसे बातचीत की, तो मैं उनका दीवाना हो गया.
'हम दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया था. सच कहूं तो हमने मुलाकात के पहले ही दिन से एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था. '
शबाना का खुद एक एक्टर होना मनोज बाजपेयी के लिए प्रोफेशनल तौर पर भी काफी मददगार साबित हुआ. मनोज बोले- मेरी पत्नी इन चीजों को लेकर काफी सेंसिटिव और समझदार हैं.
वो कभी मेरे सेट पर मुझसे मिलने नहीं आतीं, क्योंकि शुरुआत में ही उन्होंने यह स्वीकार कर लिया था कि सेट पर 'मनोज' एक अलग इंसान होते हैं.
'वो उस मनोज को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थीं, जहां उन्हें ऐसा महसूस हो कि उन्हें तवज्जो नहीं मिल रही या उन्हें वेलकम नहीं किया जा रहा. बस उसी वक्त उन्होंने तय कर लिया था कि वो कभी मेरी फिल्म के सेट पर नहीं आएंगी. '
मनोज बाजपेयी ने कहा कि कई बार ऐसा होता है जब वो खुद चाहते हैं कि उनकी पत्नी सेट पर उनके साथ रहें, लेकिन उनकी पत्नी कभी सेट पर नहीं आतीं. मनोज बोले- यह अच्छी बात है, क्योंकि एक एक्टर होने के नाते वो इस बात को बखूबी समझती हैं कि ऐसे समय पर मुझसे अटेंशन मांगना बेवकूफी होगी.
'मैं उस वक्त जो कर रहा होता हूं या जिस दौर से गुजर रहा होता हूं, वो बिल्कुल अलग होता है. वो उस जोन में आना पसंद नहीं करतीं. हमारे बीच यह एक अलग ही अंडरस्टैंडिंग है. '