इंटरनेट पर समुद्र किनारे रेत में फंसी और धीरे-धीरे लहरों के बीच डूब रही फॉर्च्यूनर का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग गाड़ी को खींचने की कोशिश करते दिखते हैं, लेकिन उसे समुद्र में जाने से संभाल नहीं पाते. यह घटना गोवा स्थित एक बीच की है और इस वायरल वीडियो की कहानी भी काफी दिलचस्प है.
बताया जा रहा है कि कुछ लड़के गोवा में बीच पर Fortuner लेकर गए थे और उसे समुद्र किनारे साफ कर रहे थे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ऐसे ही दावे किए जा रहे हैं. बताया जाता है कि ये फॉर्च्यूनर गुजरात में रजिस्टर्ड है और वहीं से कुछ लड़के इस पर गोवा घूमने आए थे.
बीच पर लगी पाबंदियों को नजरअंदाज करते हुए, मजे-मजे में लड़के गाड़ी को लेकर बीच पर पहुंच गए और उसे धोने के लिए समुद्र किनारे तक लेकर चले गए. तभी एक ज़ोरदार लहर आई, जिससे गाड़ी बहने लगी और रेत में फंस गई. काफी कोशिश के बाद भी लड़के और आसपास के लोग गाड़ी को नहीं खींच सके. बाद में क्रेन बुलाई गई और उसकी मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया.
पूरी गाड़ी में पानी भर गया था. इस घटना की सूचना मिलने के बाद गोवा पुलिस भी वहां पहुंची और फॉर्च्यूनर के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया. यह मामंला गोवा के अंजुना इलाके का है.
यह भी पढ़ें: Blinkit में था एजेंट का पहला दिन, बताया सिर्फ डेढ़ घंटे में डिलीवरी से कितना कमाया
अंजुना पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और लापरवाही से गाड़ी चलाने तथा बीच पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. इसी बीच लोगों ने इसका वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.