दिल्ली मेट्रो में यात्रियों के बीच झगड़े की घटनाएं नई नहीं हैं. इस बार जो वीडियो सामने आया है, उसने फिर से सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. वीडियो में दो महिलाएं सीट को लेकर इस कदर भिड़ गईं कि मेट्रो का डिब्बा कुछ देर के लिए अखाड़ा बन गया. दोनों महिलाएं जोर-जोर से चीखती-चिल्लाती दिखीं, और कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था.
सीट को लेकर बढ़ी बहस, मेट्रो में लग गई भीड़
वीडियो में साफ दिखता है कि दो महिलाएं मेट्रो की सीट के पास खड़ी होकर एक-दूसरे पर गुस्सा उतार रही हैं. शुरुआत में मामूली कहासुनी होती है, लेकिन कुछ ही सेकंड में आवाजें इतनी तेज हो जाती हैं कि पूरा कोच मुड़कर देखने लगता है.दोनों महिलाएं एक-दूसरे को धक्का देते हुए तीखी बहस करती हैं, मानो किसी छोटी-सी जगह पर कुश्ती चल रही हो.
चौंकाने वाली बात यह है कि आसपास मौजूद यात्री झगड़ा रोकने की कोशिश तक नहीं करते. सभी लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में जुटे रहते हैं, जबकि महिलाएं लगातार एक-दूसरे पर चिल्लाती रहती हैं.
'मेट्रो में कुछ भी हो सकता है'
वीडियो वायरल होने के बाद लोग फिर यह सवाल पूछ रहे हैं कि दिल्ली मेट्रो में आखिर यह सिलसिला कब थमेगा. आए दिन कोई न कोई वीडियो सीट को लेकर होने वाली बहस का ही होता है.कभी पुरुष भिड़ जाते हैं, कभी महिलाएं, और कभी-कभी तो लोग गलत हरकतें करके खुद ही वायरल होने की कोशिश करते दिखते हैं.
देखें वायरल वीडियो
इस ताजा मामले में भी दावा किया जा रहा है कि झगड़े की जड़ वही पुरानी वजह है-सीट. दोनों महिलाएं सीट को लेकर समझौता करने को तैयार नहीं थीं, और बहस इतनी बढ़ गई कि बाकी यात्रियों को भी असुविधा होने लगी.
'कौन सही, कौन गलत?'
वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कुछ लोग महिलाओं को गलत ठहरा रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि ऐसी स्थिति में मेट्रो स्टाफ को दखल देना चाहिए.
कई यूजर्स यह भी तंज कसते दिखे कि दिल्ली मेट्रो में यात्रा करना अब 'मनोरंजन' जैसा हो गया है, क्योंकि हर कुछ दिनों बाद कोई नया झगड़ा सामने आ ही जाता है.