scorecardresearch
 

25 साल का ये शख्स... दिखने में 2 साल के बच्चे जैसा! गोद में लेकर खिलाते हैं लोग

चीन में 25 साल का युवक, कदकाठी में सिर्फ 2 साल के बच्चे जितना है. चीन के इस अनोखे इंसान की कहानी ने लोगों को भावुक कर दिया है.

Advertisement
X
चीन के इस शख्स की छोटे बच्चे जैसी कदकाठी, लेकिन उम्र 25 साल  है (Photo - ITG)
चीन के इस शख्स की छोटे बच्चे जैसी कदकाठी, लेकिन उम्र 25 साल है (Photo - ITG)

कल्पना कीजिए कि आपकी उम्र 25 साल हो, चेहरे पर उम्र के निशान भी दिखने लगें, लेकिन आपका शरीर एक छोटे बच्चे जितना ही रहे. न आप अपने पैरों पर ठीक से खड़े हो सकें, न सामान्य लोगों की तरह जिंदगी जी सकें. सुनने में यह किसी फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन चीन में रहने वाले एक युवक की जिंदगी की यही सच्चाई है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के हुनान प्रांत में रहने वाले वांग जुनमिंग 25 साल के हैं, लेकिन उनकी लंबाई सिर्फ 66 सेंटीमीटर है. यानी लगभग एक 2-3 साल के बच्चे जितनी. उनकी मानसिक क्षमता भी एक छोटे बच्चे जैसी है. यही वजह है कि परिवार के लोग उन्हें प्यार से 'बेबी' कहकर बुलाते हैं.

उम्र बढ़ती गई, लेकिन शरीर नहीं बढ़ा
वांग का जन्म सामान्य बच्चों की तरह हुआ था, लेकिन समय के साथ उनका शरीर विकसित नहीं हो पाया. जहां उनके हमउम्र दोस्त स्कूल, कॉलेज और नौकरी की दुनिया में आगे बढ़ रहे थे, वहीं वांग का शरीर और मानसिक विकास लगभग रुक गया.

आज भी वह जल्दी सो जाते हैं, बच्चों जैसी हरकतें करते हैं और परिवार के सहारे ही अपना जीवन जी रहे हैं. उनके चेहरे पर झुर्रियां और आंखों के नीचे सूजन देखकर कोई भी समझ सकता है कि उनकी उम्र बढ़ रही है, लेकिन शरीर अब भी बचपन में ही अटका हुआ है.

Advertisement

बहन ने दुनिया को दिखाई उनकी कहानी
वांग की जिंदगी तब चर्चा में आई जब उनकी 21 साल की बहन शियाओलिंग ने सोशल मीडिया पर अपने भाई की देखभाल से जुड़े वीडियो और पोस्ट शेयर करने शुरू किए.

वह रोजमर्रा की जिंदगी में अपने भाई की मदद करती हैं और उसी की झलक सोशल मीडिया पर दिखाती हैं. देखते ही देखते लाखों लोग उनकी कहानी से जुड़ गए और उनके अकाउंट पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स आ गए.यहीं से वांग की जिंदगी में एक बड़ा बदलाव आया.

25 साल बाद पता चली बीमारी
सोशल मीडिया पर कहानी वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने उनकी मदद के लिए अस्पतालों से संपर्क किया. जांच में पता चला कि वांग को पिट्यूटरी हार्मोन डेफिशिएंसी नाम की दुर्लभ बीमारी है.इस बीमारी में शरीर की एक महत्वपूर्ण ग्रंथि पर्याप्त हार्मोन नहीं बना पाती, जिससे शरीर की वृद्धि और विकास रुक जाता है.

डॉक्टरों के मुताबिक, आमतौर पर इस बीमारी का पता बच्चों में छह महीने से तीन साल की उम्र के बीच चल जाता है. अगर समय पर इलाज शुरू हो जाए तो कई बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं.

गरीबी की वजह से छूट गया इलाज
वांग के माता-पिता उन्हें बचपन में अस्पताल जरूर लेकर गए थे. डॉक्टरों ने दवाइयां भी दी थीं, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी. उनके पिता मजदूरी और ईंट लगाने का काम करते थे. पूरे परिवार की मासिक आय करीब 3,000 युआन ही थी. ऐसे में लंबे समय तक इलाज जारी रखना संभव नहीं हो पाया.परिवार ने धीरे-धीरे यह मान लिया कि शायद यही उनकी किस्मत है.

Advertisement

दुनिया में बेहद दुर्लभ है यह बीमारी
वांग का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार उनके शरीर में POU1F1 नामक जीन में असामान्यता पाई गई है. यह जीन शरीर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

यह भी पढ़ें: जेल जाती हैं, फिर लौटती नहीं... यहां की महिलाओं की कैसी है अजीब कहानी

मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, दुनिया भर में इस तरह के बहुत कम मामले सामने आए हैं. कुछ अध्ययनों में ऐसे मरीजों की संख्या करीब सौ के आसपास बताई गई है.

अब शुरू हुआ नया इलाज
इस साल फरवरी से वांग का नियमित हार्मोन थेरेपी के जरिए इलाज शुरू किया गया है.डॉक्टरों का कहना है कि अभी यह कहना मुश्किल है कि इलाज का कितना असर होगा. हालांकि उम्मीद है कि उनकी शारीरिक क्षमता और मानसिक विकास में कुछ सुधार आ सकता है.डॉक्टर यह भी देख रहे हैं कि अगर उनका शरीर बढ़ना शुरू करता है तो क्या उनकी हड्डियां बढ़ते वजन को सहन कर पाएंगी या नहीं.

मां को कैंसर हुआ, तब भाई-बहन का रिश्ता बदला
वांग की बहन शियाओलिंग बचपन में अपने भाई के ज्यादा करीब नहीं थीं. लेकिन जब उनकी मां को कैंसर हो गया, तब परिवार की जिम्मेदारियां बदलने लगीं.

धीरे-धीरे उन्होंने अपने भाई को समझना शुरू किया. वह उसे गोद में उठाकर ले जातीं, उसकी अधूरी बातों को समझतीं और उसकी जरूरतों का ध्यान रखतीं. समय के साथ दोनों के बीच गहरा भावनात्मक रिश्ता बन गया.

Advertisement

भाई के लिए छोड़ दिए बड़े सपने
नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शियाओलिंग चाहतीं तो किसी बड़े शहर में नौकरी कर सकती थीं. लेकिन उन्होंने अपने भाई के पास रहने का फैसला किया.

यह भी पढ़ें: पहले डेट, फिर जहर... यूक्रेन का दावा- लड़कियां भेजकर सैनिकों को ऐसे निशाना बना रहे रूसी एजेंट

आज वह उसके इलाज के लिए पैसे जुटाने की कोशिश कर रही हैं. उनका सपना है कि वह एक नूडल्स स्टॉल शुरू करें और सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग करके भी कमाई करें ताकि भाई का इलाज जारी रह सके.

'किस्मत ने मुझे जिंदगी भर का एक छोटा भाई दे दिया'
शियाओलिंग कहती हैं कि किस्मत ने उसे सामान्य तरीके से बड़ा होने का मौका नहीं दिया, लेकिन मुझे जिंदगी भर प्यार करने और देखभाल करने के लिए एक छोटा सा भाई दे दिया.उनकी यह बात सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को भावुक कर रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement