scorecardresearch
 

भारत में रहकर अमेरिकी महिला ने सीखे जिंदगी के 10 सबक, पोस्ट वायरल

भारत में पिछले पांच साल से रह रही अमेरिकी महिला क्रिस्टन फिशर ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि भारत में रहने से उन्होंने घर, रिश्तों, समुदाय और जिंदगी को लेकर कई अहम सबक सीखे. उनकी भावुक पोस्ट को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब पसंद किया.

Advertisement
X
इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब पसंद किया. ( Photo: Insta/ @kristenfischer3)
इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब पसंद किया. ( Photo: Insta/ @kristenfischer3)

भारत में रहने वाली एक अमेरिकी महिला ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसने हजारों लोगों का दिल छू लिया. चार बच्चों की मां क्रिस्टन फिशर पिछले पांच सालों से भारत में रह रही हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर बताया कि भारत में रहते हुए उन्होंने जिंदगी के कई बड़े और खास सबक सीखे हैं. क्रिस्टन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत आने के बाद उनकी सोच और जिंदगी को देखने का नजरिया पूरी तरह बदल गया. उन्होंने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि उनका तरीका ही सही है, लेकिन अब वह समझ चुकी हैं कि दुनिया में जीने के कई अलग-अलग तरीके होते हैं और हर संस्कृति की अपनी खूबसूरती होती है.

भारत छोड़ने का मन नहीं करता 
उन्होंने सबसे दिल छू लेने वाली बात यह कही कि घर सिर्फ वह जगह नहीं होता जहां आप पैदा होते हैं, बल्कि घर वह होता है जिसे आप अपने प्यार और रिश्तों से बनाते हैं. भारत में रहने के दौरान उन्होंने महसूस किया कि इंसान कहीं भी अपना घर बना सकता है, अगर वहां उसे अपनापन और प्यार मिले. क्रिस्टन ने यह भी बताया कि विदेश में रहना आसान नहीं होता. कई बार उन्हें अपने देश और पुराने जीवन की बहुत याद आती थी, लेकिन साथ ही उनका मन भारत छोड़ने का भी नहीं करता था. उनके अनुसार, यह भावना बहुत अलग होती है, जब आप दो जगहों से एक साथ जुड़ाव महसूस करने लगते हैं.

भारत में परिवार की होती है ज्यादा वैल्यू
उन्होंने कहा कि भारत में रहने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और वह पहले से ज्यादा मजबूत बनीं. एक नई संस्कृति, नए लोगों और नई भाषा के बीच रहना शुरू में मुश्किल था, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने बहुत कुछ सीख लिया. क्रिस्टन के मुताबिक, भारत ने उन्हें यह भी सिखाया कि जिंदगी में सिर्फ सुविधा ही सबसे जरूरी चीज नहीं होती. उन्होंने कहा कि अमेरिका में लोग अक्सर आराम और सुविधाओं को ज्यादा महत्व देते हैं, लेकिन भारत में उन्होंने महसूस किया कि परिवार, रिश्ते और समुदाय की अहमियत उससे कहीं ज्यादा होती है. उन्होंने भारतीय संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि यहां लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर रहते हैं और मुश्किल समय में भी साथ निभाते हैं. यही चीज उन्हें भारत में सबसे ज्यादा खास लगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement

क्रिस्टन ने भाषा को लेकर भी एक खास बात कही. उन्होंने कहा कि प्यार और अपनापन सिर्फ शब्दों से नहीं जुड़ा होता, लेकिन अगर आप किसी की भाषा सीखने की कोशिश करते हैं, तो रिश्ते और गहरे हो जाते हैं. उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी माना कि यह सफर हमेशा आसान नहीं था. कई बार उन्होंने गलतियां की और मुश्किलों का सामना भी किया, लेकिन उन्हीं अनुभवों ने उन्हें बेहतर इंसान बनाया. क्रिस्टन ने भारत को एक ऐसी जगह बताया जिसने धीरे-धीरे उन्हें बदल दिया और जिंदगी को नए नजरिए से देखना सिखाया.

उन्होंने कहा कि वह इन पांच सालों में सीखी बातों को कभी नहीं भूलेंगी और आने वाले समय को लेकर भी बहुत उत्साहित हैं. उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब पसंद किया. कई लोगों ने कहा कि क्रिस्टन ने भारत की उन खूबसूरत बातों को सामने रखा, जिन्हें यहां रहने वाले लोग भी कई बार नजरअंदाज कर देते हैं. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि उनकी बातें पढ़कर उन्हें भी अपनी जिंदगी और अपने आसपास की चीजों को नए नजरिए से देखने की प्रेरणा मिली.

Advertisement
Advertisement