अमिताभ बच्चन ने राजधानी के एम्स अस्पताल जाकर बीमार अमर सिंह से मुलाकात की. इस दौरान अमिताभ बच्चन के साथ उनकी बेटी श्वेता भी मौजूद थीं.
अमिताभ बच्चन और अमर सिंह की मुलाकात करीब 2 घंटे तक चली. बताया जाता है कि अमर से मिलकर अमिताभ बेहद भावुक हो गए.
गौरतलब है कि कैश फॉर वोट केस में अमर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. वहीं पर उनकी तबीयत खराब हो गई. इसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया.
सेहत के आधार पर ही अमर सिंह को 19 तारीख तक के लिए अंतरिम जमानत भी मिल गई. इसके बाद अमर सिंह की करीबी और रामपुर से सांसद जया प्रदा ने इशारों में अमिताभ बच्चन पर ये आरोप भी लगाए थे कि इतने पुराने संबंध को भुलाकर वो अब तक मिलने नहीं आए.
बहरहाल, अब उम्मीद की जा रही है कि इस मुलाकात के बाद अमिताभ पर कटाक्ष करने वालों की जुबान पर लगाम लगेगी.