Offbeat Summer Destinations in India: गर्मी के मौसम में जब मैदानी इलाकों में टेंपरेचर ज्यादा बढ़ जाता है तो लोग ठंडी जगहों पर घूमने का प्लान बनाने लगते हैं. लेकिन भारत के ज्यादातर फेमस हिल स्टेशन इस समय काफी भीड़भाड़ वाले हो जाते हैं. ऐसे में अगर आप ऐसी जगह की तलाश कर रहे हैं, जहां मौसम ठंडा हो, भीड़ कम हो और सुकून से छुट्टियां बिताई जा सकें तो भारत की ये 5 खूबसूरत जगहें आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकती हैं. यहां का टेंपरेचर 25 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहता है. यहां आपको नेचर की असली खूबसूरती के साथ-साथ वह सुकून भी मिलेगा, जिसकी तलाश में आप घर से निकले हैं.
उत्तराखंड का मुनस्यारी
उत्तराखंड का मुनस्यारी एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है. यहां के पहाड़ और हरियाली आपका दिल जीत लेंगे. यहां आप आराम से वॉक कर सकते हैं, जंगलों में घूम सकते हैं और खूबसूरत पहाड़ी नजारों का आनंद ले सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का नग्गर
अगर आप मनाली जैसी खूबसूरत जगह पसंद करते हैं लेकिन भीड़ से दूर रहना चाहते हैं तो हिमाचल प्रदेश का नग्गर एक शानदार जगह है. कुल्लू घाटी में बसा यह छोटा सा टाउन अपनी कला, इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. यहां का नग्गर कैसल, निकोलस रोएरिख आर्ट गैलरी और पुराने मंदिर पर्यटकों को काफी पसंद आते हैं.
पश्चिम बंगाल का कलिम्पोंग
दार्जिलिंग से लगभग दो घंटे की दूरी पर बसा कलिम्पोंग अपनी शांत वादियों और खूबसूरत बौद्ध मठों के लिए जाना जाता है. यहां ब्रिटिश दौर की इमारतें, तिब्बती संस्कृति और शानदार स्ट्रीट फूड का अनोखा मेल देखने को मिलता है. दुर्पिन गोम्पा, मैकफार्लेन चर्च और यहां के लोकल बाजार भी पर्यटकों को काफी पसंद आते हैं.
उत्तराखंड का बिनसर
कुमाऊं क्षेत्र में स्थित बिनसर उन लोगों के लिए एक बेहतरीन जगह है जो नेचर के बीच सुकून भरे पल बिताना पसंद करते हैं. यहां घने जंगल, हिमालय के शानदार नजारे और कई तरह के पक्षी देखने को मिलते हैं. यहां का जीरो पॉइंट ट्रेक पर्यटकों को काफी पसंद आता है, जहां से हिमालय की खूबसूरत बर्फीली चोटियां साफ नजर आती हैं.
हिमाचल प्रदेश का तीर्थन वैली
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित तीर्थन वैली एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यह जगह ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के पास स्थित है और यहां ट्रेकिंग, बर्ड वॉचिंग और नदी किनारे समय बिताने का अलग ही मजा है. जलोरी पास, सेरोलसर लेक और चोई वॉटरफॉल यहां की खूबसूरती को और खास बनाते हैं.
अगर आप भी गर्मियों के मौसम में भीड़भाड़ से दूर किसी शांत, ठंडी और खूबसूरत जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो इन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.