शरत सक्सेना (Sharat Saxena) एक अभिनेता हैं. उनका जन्म 17 अगस्त 1950 को मध्य प्रदेश के सतना में हुआ था. उनका बचपन मुख्य रूप से भोपाल में बीता. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, भोपाल और क्राइस्ट चर्च बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जबलपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की.
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शरत सक्सेना ने अभिनय के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया. वर्ष 1972 में वह मुंबई पहुंचे. शुरुआती दिनों में उन्हें फिल्मों में छोटे और सहायक किरदार मिले. उनकी पहली रिलीज फिल्म 'बेनाम' थी. इसके बाद उन्होंने 'दिल दीवाना', 'एजेंट विनोद' और 'काला पत्थर' जैसी फिल्मों में काम किया.
शरत सक्सेना ने हिंदी फिल्मों के अलावा तेलुगु, तमिल, मलयालम और अंग्रेजी फिल्मों में भी अभिनय किया है. उन्होंने अपने करियर में 250 से अधिक हिंदी फिल्मों में काम किया है. उनकी प्रमुख फिल्मों में 'मिस्टर इंडिया', 'त्रिदेव', 'घायल', 'खिलाड़ी', 'गुप्त: द हिडन ट्रुथ', 'गुलाम', 'डुप्लीकेट', 'सोल्जर', 'बागबान', 'फना', 'कृष', 'एक ही रास्ता' (1993), 'फिर हेरा फेरी' और 'बजरंगी भाईजान' शामिल हैं.
टेलीविजन पर भी शरत सक्सेना ने काम किया है. बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक 'महाभारत' में उन्होंने कीचक का किरदार निभाया था. साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म 'गुलाम' में निभाए गए किरदार के लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ खलनायक पुरस्कार की श्रेणी में नामांकन भी मिला.
अगर निजी जीवन की बात करें तो शरत सक्सेना की पत्नी का नाम शोभा सक्सेना है. उनके दो बच्चे हैं, जिनके नाम वीरा और विशाल हैं. वर्तमान में वह मुंबई के बाहरी इलाके स्थित माध आइलैंड में अपने परिवार के साथ रहते हैं.
बॉलीवुड के मशहूर विलेन शरत सक्सेना की लम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. ये तस्वीरें बॉम्बे हॉस्पिटल में खड़े होकर उनकी स्टैंडिंग MRI टेस्ट की हैं, जिनमें उनके चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा है.