सलमान खान भारतीय रोइंग खिलाड़ी (Salman Khan, Rowing Player) हैं. एशियन गेम्स 2026 में सलमान खान ने सतनाम सिंह के साथ पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता. भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 6 मिनट 13.25 सेकंड का समय दर्ज किया.
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के पूरे ढिंगई गांव में जन्मे सलमान छह भाई-बहनो में सबसे बड़े हैं. उनके पिता मोहम्मद कासिम खान हरियाणा के तावडू में ट्रक की बॉडी बनाने का काम करते थे. सलमान की पढ़ाई भी हरियाणा में हुई.
सलमान जब 18 साल के थे तब उनके पिता की डेंगू से मौत हो गई. पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी सलमान पर आ गई. परिवार की मदद के लिए उन्होंने दिल्ली में उबर कैब चलाना शुरू किया और अपने छोटे भाई बहनो की जरूरतें पूरी की.
कुछ समय बाद सलमान ने सेना में भर्ती के लिए तैयारी की.उन्होंने भर्ती रैली, मेडिकल और लिखित परीक्षा पास की. 25 सितंबर 2018 को वह पुणे के किर्की स्थित बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप में शामिल हुए.
सेना में आने के बाद सलमान का परिचय रोइंग से हुआ. प्रशिक्षण केंद्र के कोचों ने उनकी शारीरिक क्षमता को देखते हुए उन्हें इस खेल में शामिल किया.
पहली इंटर सेंटर रेगाटा प्रतियोगिता में रजत पदक मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा. वर्ष 2021 में उन्होंने एर्गोमीटर के मानक पूरे किए और पुणे के आर्मी रोइंग नोड में चयनित हुए. इसके बाद रोइंग उनके खेल करियर का मुख्य हिस्सा बन गया.