रोहित यादव (Rohit Yadav) भारतीय मेन्स जैवलिन थ्रो खिलाड़ी हैं. एशियन गेम्स 2026 में रोहित यादव ने मेन्स जैवलिन थ्रो एथलेटिक्स ब्रॉन्ज मेडल जीता.
उनका जन्म 6 जून 2001 को उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के डभिया गांव में हुआ था. उनका परिवार खेती और खेल से जुड़ा रहा है. उनके पिता सभाजीत यादव किसान होने के साथ पूर्व डेकाथलीट भी रहे हैं. उन्होंने अपने बेटों को भाला फेंक में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया.
रोहित के शुरुआती प्रशिक्षण के समय परिवार के पास अभ्यास के लिए भाला खरीदने के पर्याप्त साधन नहीं थे. ऐसे में उनके पिता गांव के आसपास मिलने वाले जंगली बांस से भाले तैयार करते थे. रोहित ने अपने दो छोटे भाइयों के साथ इन्हीं साधनों से अभ्यास शुरू किया.
रोहित ने वर्ष 2016 में तुर्किये के ट्राबजोन में आयोजित जिम्नेजियाड में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया. उन्होंने 69.26 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता. वर्ष 2017 में बैंकॉक में आयोजित एशियाई युवा चैंपियनशिप में उन्होंने 74.30 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया था. हालांकि बाद में डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण उन्हें एक साल के लिए निलंबित किया गया और उनका पदक वापस ले लिया गया.
वर्ष 2022 में रोहित ने विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और 78.72 मीटर के थ्रो के साथ दसवें स्थान पर रहे. इसी वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 82.22 मीटर के प्रदर्शन के साथ छठा स्थान हासिल किया.
वर्ष 2023 में राष्ट्रीय फेडरेशन कप में रोहित ने 83.40 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. इसके बाद उन्हें कोहनी में लिगामेंट की चोट लगी और सर्जरी तथा लंबे पुनर्वास के कारण वह कई प्रमुख प्रतियोगिताओं से बाहर रहे. इसमें विश्व चैंपियनशिप, एशियाई चैंपियनशिप, एशियाई खेल और 2024 ओलंपिक शामिल थे.
वर्ष 2025 में उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित नीरज चोपड़ा क्लासिक में 77.11 मीटर का थ्रो किया. विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 77.81 मीटर के प्रदर्शन के साथ क्वालिफिकेशन में 28वां स्थान हासिल किया.
वर्ष 2026 में रोहित ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में 81.56 मीटर के थ्रो के साथ सातवां स्थान हासिल किया. इसके बाद भुवनेश्वर में आयोजित भारतीय ओपन प्रतियोगिता में उन्होंने अंतिम प्रयास में 87.68 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीता.
भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने अपनी चोट और वापसी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि टखने की चोट से अब काफी राहत है और वह 2027 में दमदार वापसी की तैयारी कर रहे हैं. चोट के कारण वह 2026 एशियन गेम्स और डायमंड लीग फाइनल में नहीं खेल सके. नीरज ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले यशवीर सिंह और रोहित यादव की भी तारीफ की.