निधि तिवारी (Nidhi Tiwari IFS) 2014 बैच की भारतीय विदेश सेवा यानी आईएफएस अधिकारी हैं. उन्हें भारत सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निजी सचिव नियुक्त किया है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) के आदेश के अनुसार कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है. नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है. निधि तिवारी इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थीं.
निधि तिवारी का संबंध वाराणसी से है. वह वाराणसी के महमूरगंज क्षेत्र की रहने वाली हैं. निधि तिवारी ने वर्ष 2013 में सिविल सेवा परीक्षा में 96वीं रैंक हासिल की थी. भारतीय विदेश सेवा में चयन से पहले उन्होंने वाराणसी में असिस्टेंट कमिश्नर कमर्शियल टैक्स के तौर पर भी काम किया था. सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली थी.
निधि तिवारी 6 जनवरी 2023 से प्रधानमंत्री कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रही थीं. इससे पहले वह विदेश मंत्रालय में तैनात थीं. विदेश मंत्रालय में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों से जुड़े विभाग में काम किया. पीएमओ में उनकी जिम्मेदारियों में विदेश और सुरक्षा से जुड़े विषय भी शामिल रहे. इन कार्यों के दौरान वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को रिपोर्ट करती थीं.
निधि तिवारी ने राजस्थान से जुड़े मामलों के साथ विदेश मामलों, परमाणु ऊर्जा और सुरक्षा से संबंधित जिम्मेदारियां भी संभाली हैं. भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान भी वह इससे जुड़े कामों का हिस्सा रही थीं.