scorecardresearch
 

काला कोट-पैंट और टाई... वैभव सूर्यवंशी का विंबलडन डेब्यू, स्टाइलिश लुक में मैच देखने पहुंचे

15 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पहली बार विंबलडन के सेंटर कोर्ट पर पुरुष एकल फाइनल का लुत्फ उठाया. उन्होंने बताया कि वह कई सालों से टेनिस देख रहे हैं और नोवाक जोकोविच उनके सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं. मौजूदा खिलाड़ियों में उन्होंने यानिक सिनर की तारीफ करते हुए उन्हें फाइनल का प्रबल दावेदार बताया. वैभव ने अभिषेक शर्मा को अपना पसंदीदा डबल्स पार्टनर भी चुना. उनके साथ युवराज सिंह और संजू सैमसन भी विंबलडन पहुंचे थे.

Advertisement
X
वैभव ने बताया कि वह पिछले चार-पांच साल से टेनिस देख रहे हैं.
वैभव ने बताया कि वह पिछले चार-पांच साल से टेनिस देख रहे हैं.

भारतीय क्रिकेट के 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को पहली बार विंबलडन के प्रतिष्ठित सेंटर कोर्ट का अनुभव लिया. वह पुरुष एकल फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे, जहां उनके साथ युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भी मौजूद थे.

विंबलडन से बातचीत में वैभव ने कहा कि वह फाइनल मैच का माहौल और खिलाड़ियों का प्रदर्शन करीब से देखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और यादगार अनुभव है.

वैभव ने बताया कि वह पिछले चार-पांच साल से टेनिस देख रहे हैं. बचपन से ही उन्हें नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल का खेल काफी पसंद रहा है, लेकिन उनके सबसे पसंदीदा खिलाड़ी जोकोविच हैं.

मौजूदा दौर के खिलाड़ियों में वैभव ने दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में सिनर का प्रदर्शन शानदार रहा है और उन्हें उम्मीद है कि वही फाइनल जीतेंगे.

विंबलडन में अपने स्टाइलिश लुक को लेकर वैभव ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने कोई खास तैयारी नहीं की थी. उन्होंने कहा, 'जो जल्दी मिला, वही पहन लिया. अभिषेक भैया ने तैयार होने में मदद की और मैं यहां पहुंच गया.'

Advertisement

ये खिलाड़ी भी विंबलडन में आ चुके हैं
इस साल विंबलडन में भारतीय क्रिकेटरों की अच्छी मौजूदगी देखने को मिली. इससे पहले सचिन तेंदुलकर और भारतीय टेस्ट-वनडे कप्तान शुभमन गिल भी पुरुष एकल सेमीफाइनल देखने पहुंचे थे. वहीं फाइनल में युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के साथ वैभव सूर्यवंशी ने भी सेंटर कोर्ट का रोमांच महसूस किया.

इंटरव्यू के दौरान जब वैभव से पूछा गया कि टेनिस डबल्स में वह किस क्रिकेटर को अपना जोड़ीदार चुनेंगे, तो उन्होंने बिना देर किए अभिषेक शर्मा का नाम लिया. उन्होंने कहा, 'क्रिकेट में भी वह मेरे ओपनिंग पार्टनर हैं, इसलिए यहां भी मैं उन्हें ही चुनूंगा.'

महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा बन चुके वैभव सूर्यवंशी के लिए यह दौरा सिर्फ एक बड़े खेल आयोजन को देखने तक सीमित नहीं था, बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को करीब से देखकर उनसे सीखने और प्रेरणा लेने का भी शानदार मौका था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement