सचिन तेंदुलकर ने लंदन पैरालंपिक खेलों के रजत पदक विजेता गिरिशा होसनागारा नागराजेगौड़ा को सभी के लिये प्रेरणा करार दिया तथा ऊंची कूद के इस एथलीट को भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी.
तेंदुलकर ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है, ‘गिरिशा से बात करके बहुत अच्छा लगा. वह हम सब के लिये प्रेरणा है. मैं आगामी वर्षों के लिये उन्हें शुभकामनाएं देता हूं.’
भारत की तरफ से इन खेलों में एकमात्र पदक जीतने वाले गिरिशा को तेंदुलकर ने फोन किया था.
इस एथलीट ने कहा था, ‘सचिन ने मुझे फोन किया और मुझे तब बड़ी खुशी हुई जब उन्होंने कहा कि मैं कई लोगों के लिए प्रेरणा बन गया हूं.’
ऊंची कूद के खिलाड़ी गिरिशा ने लंदन में 1 . 74 मीटर की कूद के साथ रजत पदक जीता था. फिजी के इलीसा डेलाना ने स्वर्ण पदक हासिल किया था.
तेंदुलकर के साथ हुई बातचीत के बारे में पूछने पर गिरिशा ने कहा कि इस दिग्गज बल्लेबाज ने उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने और अधिक से अधिक पदक जीतने हो कहा.
गिरिशा ने कहा कि कुछ दिनों में वह तेंदुलकर के साथ मुलाकात करेंगे.