भारतीय टीम सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर ऑस्ट्रेलिया से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है. 'हिटमैन' रोहित शर्मा की वापसी ने टिम इंडिया में नया जोश भरा है. एडिलेड में पहला टेस्ट मैच हारने के बाद भारतीय टीम ने मेलबर्न में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में जीत हासिल कर चार मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है. गुरुवार से तीसरा टेस्ट खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5.00 बजे शुरू होगा.
टीम इंडिया के सामने सिडनी में जीत का सूखा खत्म करने की चुनौती है. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर उसने एकमात्र टेस्ट जीत 43 साल पहले हासिल की थी. लेकिन बीते एक सप्ताह से भारतीय टीम विवादों में रही है, क्योंकि उसके 5 खिलाड़ियों पर बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप था. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी मेलबर्न में न्यू ईयर के दिन एक रेस्टोरेंट के अंदर खाना खाते दिखाई दिए. इसके बाद इन सभी को अलग-थलग कर दिया गया था और परीक्षण कराए गए थे. भारतीय टीम ने इन 5 में से 4 खिलाड़ियों को तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में चुना है.
ऑस्ट्रेलिया आने पर सिडनी के एक अपार्टमेंट में दो हफ्ते तक क्वारनटीन रहने के बाद रोहित शर्मा टीम से जुड़े, लेकिन मेलबर्न के एक रेस्तरां में एक उत्साही प्रशंसक के कारण उनके और 4 अन्य भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ संभावित जैव सुरक्षा उल्लंघन के लिए जांच बिठाई गई, लेकिन रोहित इतने अनुभवी और पेशेवर खिलाड़ी हैं कि इन सब चीजों से उनका ध्यान भंग नहीं होगा.
Final training session ahead of the 3rd Test ✅
— BCCI (@BCCI)
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी बल्लेबाजी को लेकर कितनी मायूस है उसका अंदाजा कप्तान टिम पेन के बयान से लगाया जा सकता है. पेन ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘वह (वॉर्नर) ऊर्जावान और पेशेवर खिलाड़ी हैं, जो तुरंत प्रभाव छोड़ सकते हैं और बाकी खिलाड़ियों में आत्मविश्वास भर सकते हैं.’ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व आलराउंडर टॉम मूडी ने भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट में जूझने वाले स्टीव स्मिथ का समर्थन करते हुए कहा कि यह स्टार बल्लेबाज ‘पिंजरे में बंद शेर है जो हमले के लिए तैयार है’.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले स्मिथ पहले दो टेस्ट में सिर्फ 10 रन बना पाए हैं और मूडी ने कहा कि वह बड़ी पारी खेलने के लिए तैयार हैं. पारंपरिक तौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद देने वाले विकेट पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को आर. अश्विन जैसे गेंदबाज का सामना करना है. अश्विन ने अब तक 10 विकेट लिये हैं और वह स्मिथ और मार्नस लाबुशेन जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ जंग में खुद को अव्वल साबित करने में सफल रहे हैं.
टीमें इस प्रकार हैं -
भारत (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी (डेब्यू).
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, मैथ्यू वेड, विल पुकोवस्की, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, कैमरन ग्रीन, टिम पेन (कप्तान और विकेटकीपर), नाथन लियोन, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, मार्कस हैरिस, मिशेल स्वेपसन, माइकल नेसर.