IPL 2023 DC vs GT Score: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को लगातार दूसरे मैच में हार झेलनी पड़ी है. डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली दिल्ली टीम ये मैच अपने घर यानी दिल्ली में ही खेल रही थी, जिसमें गुजरात टाइटन्स (GT) ने उसे 6 विकेट से करारी शिकस्त दी.
यह मुकाबला बेहद रोमांचक था, जिसमें 163 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स ने एक समय 107 रनों पर ही 4 विकेट गंवा दिए थे. यहां से गुजरात टीम को जीत के लिए 40 बॉल पर 56 रनों की जरूरत थी. तब क्रीज पर 21 साल के साई सुदर्शन और डेविड मिलर काबिज थे.
सुदर्शन और मिलर के जाल में फंसी दिल्ली
इन दोनों ही बल्लेबाजों के तेवर भी कुछ अलग ही नजर आ रहे थे. उन दोनों ने ही अपनी आतिशी पारी को बिल्कुल भी नहीं रोका और दिल्ली के गेंदबाजों पर टूट पड़े. सुदर्शन और मिलर ने मिलकर 5वें विकेट के लिए 29 गेंदों पर 56 रनों की नाबाद पार्टनरशिप कर डाली.
टीम के लिए 21 साल के साई सुदर्शन ने 48 बॉल पर नाबाद 62 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 4 चौके जमाए. सुदर्शन का स्ट्राइक रेट 129.17 का रहा. उनके अलावा डेविड मिलर ने 16 गेंदों पर 193.75 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 31 रन बनाए. जबकि विजय शंकर ने 29 रन बनाए. दिल्ली टीम के लिए एनरिक नॉर्खिया ने 2 विकेट झटके.
A confident & match winning knock of 62*(48) by Sai Sudharsan makes the young Indian batter our 🔝 performer from the second innings of the clash in 💪
— IndianPremierLeague (@IPL)
A look at his batting summary 🔽
पॉइंट्स टेबल में गुजरात टीम टॉप पर
इस जीत के साथ ही गुजरात टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. उसने अब तक अपने सभी दोनों मैच जीते हैं. टीम के इस वक्त 4 पॉइंट्स हैं. जबकि दिल्ली टीम ने अभी जीत का खाता नहीं खोला है. वह पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है.
गुजरात टाइटन्स का तीसरा मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ है. यह मैच 9 अप्रैल को अहमदाबाद में होगा. जबकि दिल्ली टीम को अपना तीसरा मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ है. यह मुकाबला 8 अप्रैल को होगा.

दिल्ली कैपिटल्स ने बनाए थे 162 रन
बता दें कि मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 8 विकेट गंवाकर 162 रन बनाए थे. दिल्ली टीम के लिए उपकप्तान अक्षर पटेल और कप्तान डेविड वॉर्नर ने शानदार पारी खेली. अक्षर ने 22 बॉल पर 36 रन बनाए. जबकि वॉर्नर ने 32 बॉल पर 37 रन बनाए. जबकि गुजरात टाइटन्स के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और स्पिनर राशीद खान ने 3-3 विकेट लिए. अल्जारी जोसेफ को 2 विकेट मिले. 163 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स ने 18.1 ओवर में ही 6 विकेट से ये मैच जीत लिया.