इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में बुधवार को हुए रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) की हार हुई है. इस सीजन में यह पांचवीं बार है जब मुंबई इंडियंस ने कोई मैच गंवाया है. अभी तक टीम इस सीजन में एक भी मैच नहीं जीत पाई है.
पंजाब किंग्स (PBKS) ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से मात दी और बड़े स्कोर वाले गेम में अपना दबदबा बनाए रखा. एक बार को ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस इस मुकाबले को जीत सकती है, लेकिन सूर्यकुमार यादव के आउट होते ही ये उम्मीद भी टूटी. सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी में 30 बॉल में 43 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने एक चौका और चार छक्के जमाए.
सूर्यकुमार यादव जब 43 रन के स्कोर पर थे और लगातार बाउंड्री मार रहे थे तब बाउंड्री के पास अपना कैच थमा बैठे. इस दौरान मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी (Aakash Ambani) का स्टैंड्स में हैरानी भरा रिएक्शन आया. आकाश अंबानी का ये रिएक्शन सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल भी हो गया.
Aakash Ambani reaction after Surya Kumar Yadav wicket.
— Cricket Holic (@theCricketHolic)
सूर्यकुमार यादव ने 19वें ओवर की चौथी बॉल पर बड़ा शॉट खेला और ओडिएन स्मिथ ने इस कैच को पकड़ लिया. इसी के साथ मुंबई इंडियंस की जीत की उम्मीद भी टूट गई थी. बता दें कि आकाश अंबानी के अलावा इस मैच में उनकी पत्नी श्लोका अंबानी और मां नीता अंबानी भी पहुंची थीं.
अगर मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने इस मैच में 198 रन बनाए थे, जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम सिर्फ 186 रन ही बना पाई. मुंबई की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस ने 49 रनों की पारी खेली और अपनी पारी में पांच छक्के उड़ा दिए. मुंबई इंडियंस की इस सीजन में यह लगातार पांचवीं हार है और टीम को अभी भी पहली जीत का इंतज़ार है.