scorecardresearch
 

WBBL: आखिरी गेंद पर सुपर ओवर की तैयारी, विकेटकीपर ने स्टंप‍िंग में किया ब्लंडर, पलट गया T20 मैच

ऑस्ट्रेल‍िया में एक T20 मुकाबले का अंत बेहद नाटकीय अंदाज में हुआ. आखिरी गेंद पर स्कोर बराबर होने के बाद सुपर ओवर की तैयारी थी, लेकिन स्टंपिंग के रिव्यू में विकेटकीपर की गलती पकड़ी गई. अंपायर ने नो-बॉल दे दी और मैच का नतीजा बदल गया.

Advertisement
X
आखिरी गेंद पर नो-बॉल की वजह से WBBL मे आया गजब का मोमेंट (Photo: X/@WBBL)
आखिरी गेंद पर नो-बॉल की वजह से WBBL मे आया गजब का मोमेंट (Photo: X/@WBBL)

क्रिकेट में आखिरी गेंद तक कुछ भी हो सकता है, यह बात अक्सर कही जाती है, लेकिन इस बात का जीता-जागता नमूना  महिला बिग बैश लीग (WBBL) में  देखने को म‍िला. 

मेलबर्न रेनेगेड्स और होबार्ट हरिकेंस के बीच मुकाबला होबार्ट के बेलेरिव ओवल में बुधवार (4 नवंबर) को T20 मैच खेला जा रहा था, लेकिन फ‍िर कुछ ऐसा हुआ जो कई क्रिकेट फैन्स को हैरान कर गया. मैच की आखिरी गेंद पर स्कोर बराबर था और सुपर ओवर होना लगभग तय लग रहा था, लेकिन एक रिव्यू ने पूरा नतीजा बदल दिया. मेलबर्न रेनेगेड्स ने चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

आखिरी गेंद पर स्टंपिंग के लिए गया रिव्यू
होबार्ट हरिकेंस की ओर से निकोला कैरी ने आखिरी गेंद डाली. सामने डीएंड्रा डॉटिन थीं, जो अच्छी लेंथ की गेंद पर बल्ला लगाने में नाकाम रहीं. विकेटकीपर लिजेल ली ने गेंद को स्टंप्स के पीछे पकड़ा. ऐसा लग रहा था कि यह डॉट बॉल है और दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण मुकाबला सुपर ओवर में जाएगा.

Advertisement

मैदान पर मौजूद कमेंटेटर भी सुपर ओवर की बात करने लगे. उन्होंने कहा कि स्कोर बराबर है और मुकाबला सुपर ओवर में जा रहा है. स्टंपिंग की जांच जरूर हो रही है, लेकिन विकेट गिरने पर भी नतीजा नहीं बदलेगा, क्योंकि वह डॉट बॉल ही होगी.

इसी बीच कैरी की साथी खिलाड़ी उनके पास पहुंचकर आखिरी गेंद के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देने लगीं. लेकिन टीवी अंपायर के रिव्यू में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया.

विकेटकीपर की गलती ने बना दी नो-बॉल
रिव्यू में पता चला कि गेंद को पकड़ते समय लिजेल ली के दस्ताने स्टंप्स के आगे थे. यानी गेंद के स्ट्राइकर छोर से गुजरने के समय विकेटकीपर पूरी तरह स्टंप्स के पीछे नहीं थीं. यह MCC के रूल  27.3 का उल्लंघन था.

ICC stumping

इस नियम के मुताबिक, गेंदबाज के गेंद डालने के क्षण से लेकर गेंद के बल्लेबाज के बल्ले या शरीर से लगने, स्ट्राइकर छोर के स्टंप्स को पार करने या बल्लेबाज के रन लेने की कोशिश करने तक विकेटकीपर को पूरी तरह विकेट के पीछे रहना जरूरी है. यदि विकेटकीपर इस नियम का उल्लंघन करता है तो अंपायर को नो-बॉल का इशारा करना होता है.

इसी नियम के तहत अंपायर ने कैरी की आखिरी गेंद को नो-बॉल करार दिया. इसके साथ ही रेनेगेड्स के खाते में एक अतिरिक्त रन जुड़ गया और टीम ने चार विकेट से मुकाबला जीत लिया.

Advertisement

जिस गेंद को होबार्ट हरिकेंस सुपर ओवर तक पहुंचाने वाली डॉट बॉल समझ रही थी, वही उसकी हार की वजह बन गई. कैरी और हरिकेंस की टीम इस फैसले से पूरी तरह हैरान रह गई.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement