scorecardresearch
 

'दिल तो बच्चा है जी', 56 साल के भारतीय क्रिकेटर ने बेंगलुरु में चखा ओलों का स्वाद, VIDEO

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने बेंगलुरु में अचानक आई ओलावृष्टि के दौरान कार रोककर सड़क पर मस्ती की और ओले तक चख लिए. अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
ओलों में बच्चा बने वेंकटेश प्रसाद! कार रोकी, सड़क पर की मस्ती (Screen grab from X)
ओलों में बच्चा बने वेंकटेश प्रसाद! कार रोकी, सड़क पर की मस्ती (Screen grab from X)

बेंगलुरु में अचानक बदले मौसम ने जहां आम लोगों को चौंकाया, वहीं इसने एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर के अंदर के ‘बच्चे’ को भी बाहर ला दिया. 56 साल के वेंकटेश प्रसाद ने शहर में आई ओलावृष्टि के दौरान अपनी कार रोक दी और सड़क पर उतरकर उस पल का खुलकर आनंद लिया.

29 अप्रैल को शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश और ओलों की बौछार हुई. भारतीय मौसम व‍िभाग ( India Meteorological Department) ने इसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. गरज-चमक, बिजली और करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित कर दिया.

इसी बीच प्रसाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में वह पहले कार से बाहर निकलकर ओलावृष्टि को देखते हैं, फिर सड़क पर गिरे ओलों को हाथ में उठाकर खेलने लगते हैं. एक मजेदार पल में वह एक ओला उठाकर चखते भी नजर आते हैं, चेहरे पर बिल्कुल बच्चे जैसी खुशी के साथ.

प्रसाद ने इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा- जब ओलावृष्टि होती है तो सवाल नहीं करते, बस बच्चे बन जाते हैं, दिल तो बच्चा है जी. उनका यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आया और यूजर्स ने इसे ‘रियल’ और ‘रिफ्रेशिंग’ बताया.

Advertisement

यह बारिश और ओलावृष्टि बेंगलुरु के लिए राहत भी लेकर आई, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से शहर में तेज गर्मी पड़ रही थी. हालांकि, अचानक आए इस मौसम ने कई जगहों पर ट्रैफिक और जलभराव जैसी समस्याएं भी पैदा कर दीं.

इस दौरान सबसे खास नजारा कंतीवीरा स्टेड‍ियम में देखने को मिला, जहां मैदान ओलों की सफेद चादर से ढका नजर आया, जो बेंगलुरु जैसे शहर में बेहद दुर्लभ दृश्य माना जाता है.

प्रसाद का यह वीडियो सिर्फ मौसम की कहानी नहीं, बल्कि उन छोटे पलों की याद भी दिलाता है, जब जिंदगी की भागदौड़ के बीच अचानक रुककर मुस्कुराना ही सबसे बड़ी खुशी बन जाता है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement