श्रीलंका के दांबुला में जारी ट्राई सीरीज में इंडिया-ए ने शानदार प्रदर्शन किया है. तिलक वर्मा की अगुवाई वाली यह टीम पहले ही फाइनल में पहुंच गई थी. इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए को एक-एक मौके पर पराजित किया था. जबकि एक-एक बार तिलक वर्मा ब्रिगेड इन दोनों टीम्स से हारी भी. इंडिया-ए ने लीग स्टेज में चार मैच खेलकर 4 अंक हासिल किए.
अब इंडिया-ए की टीम फाइनल में 21 जून (रविवार) को श्रीलंका-ए का सामना करेगी. यानी वैभव सूर्यवंशी अब खिताबी मुकाबले में श्रीलंका-ए के खिलाफ गदर काटना चाहेंगे. वैभव मौजूदा सीरीज में बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे हैं, लेकिन बड़े मुकाबले में उनसे धांसू प्रदर्शन की आस है. श्रीलंका-ए ने शुक्रवार को अफगानिस्तान-ए को 103 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है. वहीं अफगानिस्तान-ए की टीम फाइनल में जगह नहीं बना पाई. श्रीलंका-ए ने चार मैचों से तीन जीत से अंकतालिका में पहला स्थान किया.
दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए मैच में श्रीलंका-ए ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 322 रन बनाए. अविष्का फर्नांडो ने 97 गेंदों का सामना करते हुए 110 रनों की पारी खेली, जिसमें 13 चौके के अलावा एक छक्का शामिल रहा. विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकेवला ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 चौकों की मदद से 54 बॉल पर 66 रनों का योगदान दिया.
निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो के बीच पहले विकेट के लिए 133 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने बड़ी स्कोर की नींव रखी. नुवानीदु फर्नांडो ने भी 45 रनों की उपयोगी पारी खेली. अफगानिस्तान-ए के लिए फरीदून दाउदजई ने चार विकेट झटके, वहीं फरमानुल्लाह सफी को तीन सफलताएं हासिल हुईं.
जवाब में अफगानिस्तान-ए की पूरी पारी 42.4 ओवरों में 219 रनों पर सिमट गई. सलामी बल्लेबाज हसन ईसाखिल ने 78 गेंदों का सामना करते हुए 74 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वहीं फरमानुल्लाह सफी ने तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 39 बॉल पर 43 रनों का योगदान दिया. बहिर शाह ने भी 35 रन बनाकर अफगानी टीम को संभालने की पूरी कोशिश की. दुलाज समुदिता ने श्रीलंका-ए के लिए सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके. जबकि कुगाथास मथुलन ने तीन सफलताएं हासिल की.
ट्राई सीरीज में अब तक
♦ 09 जून: इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को 8 रनों से हराया
♦ 11 जून: इंडिया-ए पर अफगानिस्तान-ए की 4 रनों से जीत (DLS)
♦ 13 जून: श्रीलंका-ए ने अफगानिस्तान-ए को 8 विकेट से रौंदा (DLS)
♦ 15 जून: श्रीलंका-ए ने इंडिया-ए को सुपर ओवर में हराया
♦ 17 जून: इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से पराजित किया
♦ 19 जून: अफगानिस्तान-ए को श्रीलंका-ए ने 103 रनों से रौंदा
♦ 21-जून: फाइनल- इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए