टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद एक विवादित सवाल पर बेहद शांत तरीके से जवाब दिया. भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद वह मंगलवार को पटना पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ.
मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने उनसे पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के उस बयान पर सवाल पूछा, जिसमें उन्होंने वर्ल्ड कप ट्रॉफी को मंदिर ले जाने के फैसले पर टिप्पणी की थी. उनके बयान के बाद सोशल मीडिया और फैंस के बीच बहस छिड़ गई थी.
हालांकि, ईशान किशन इस विवाद में पड़ने से बचते नजर आए. उन्होंने बहुत शांत अंदाज में जवाब दिया और बातचीत का फोकस टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत की ओर मोड़ दिया.
क्या बोले ईशान किशन
ईशान किशन ने कहा, मैं अभी इतना शानदार वर्ल्ड कप जीतकर आया हूं, आप अच्छे सवाल पूछिए. कीर्ति आजाद ने क्या कहा, इस पर मैं क्या कहूं? आप पूछिए कि कैसा लग रहा है, कितना मजा आया.
अब जानें क्या है विवाद
यह विवाद तब शुरू हुआ जब भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर और क्रिकेट प्रशासक जय शाह ने वर्ल्ड कप जीत के बाद अहमदाबाद में एक हनुमान मंदिर में ट्रॉफी के साथ दर्शन किए थे. दरअसल, टीम इंडिया ने रविवार को फाइनल जीतने के बाद स्टेडियम के पास ही मौजूद एक हनुमान मंदिर में पैदल ट्रॉफी के साथ जाकर दर्शन किए थे. खिलाड़ियों का मंदिर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
कार्ति आजाद ने उठाए थे सवाल
टीम इंडिया के इस व्यवहार पर सवाल उठाते हुए टीमएसी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर कहा था कि वर्ल्ड कप पूरे देश की जीत है. उन्होंने लिखा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का गर्व है, चाहे उनका धर्म कोई भी हो, और खेल पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है.
उन्होंने टीम इंडिया की इस हरकत को शर्मनाक बताते हुए जय शाह और सूर्यकुमार यादव पर भी सवाल उठाए थे.
यह भी पढ़ें: अर्शदीप सिंह पर ICC ने लिया तगड़ा एक्शन, वर्ल्ड कप फाइनल में डेरिल मिचेल को मारी थी गेंद
टी20 वर्ल्ड कप में कैसा रहा ईशान किशन का प्रदर्शन
वर्ल्ड कप में ईशान किशन ने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने ओपनिंग में कई तेज शुरुआत दी और मुश्किल मैचों में भी बेहतरीन बल्लेबाजी की.
टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन:
* 9 मैच
* 317 रन
* औसत 35.22
* स्ट्राइक रेट 193.29
* 3 अर्धशतक
उनकी सबसे शानदार पारियों में से एक पाकिस्तान के खिलाफ आई, जब उन्होंने कोलंबो में 77 रन की पारी खेलकर भारत को 61 रन से जीत दिलाने में मदद की. फाइनल में भी न्यूजीलैंड के खिलाफ भी ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन बनाए और भारत को बड़ा स्कोर बनाने में मदद की.
यह भी पढ़ें: संजू ने क्रिकेट के सारे गणित बदल दिए, 4 मैच छोड़कर भी बन गए वर्ल्ड कप 'बादशाह'
भारत ने फाइनल में 5 विकेट पर 255 रन बनाए, जो पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है. इसके बाद टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीत लिया.