बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेटर सलमान अली आगा का अजीबोगरीब रन आउट चर्चा का विषय बन गया है. 13 मार्च (शुक्रवार) को मीरपुर (ढाका) के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में हुई इस घटना के बाद फैन्स ने जहां मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं, वहीं रावलपिंडी पुलिस ने पूरे मामले पर चुटकी लेते हुए भी एक खास संदेश जारी किया.
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई. उस ओवर में चौथी गेंद को मोहम्मद रिजवान ने हल्के से गेंदबाज मेहदी हसन मिराज की ओर खेला. गेंद नॉन-स्ट्राइकर एंड के पास पहुंची और सलमान अली आगा को लगा कि बॉल डेड हो चुकी है. इसी दौरान वह झुककर गेंद उठाने के लिए चले, ताकि उसे मिराज को वापस दे सकें.
हालांकि, बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज पूरी तरह सतर्क थे. उन्होंने तुरंत गेंद उठाई और सलमान के क्रीज से बाहर रहते हुए स्टम्प्स पर मार दी. उस समय सलमान 62 गेंदों पर 64 रन बनाकर खेल रहे थे. रन आउट होने के बाद वह काफी नाराज नजर आए और उनकी बांग्लादेशी खिलाड़ियों से बहस हुई. इस रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ.
इसी बीच रावलपिंडी ट्रैफिक पुलिस ने X पर एक पोस्ट करते हुए इसे सड़क सुरक्षा से जोड़ दिया. इस पोस्ट में लिखा था, 'चाहे सड़क हो या खेल का मैदान, सुरक्षा की शुरुआत व्यक्तिगत जिम्मेदारी से होती है. खुद पर भरोसा रखें, सतर्क रहें और समझदारी से फैसले लें ताकि आप और दूसरे सुरक्षित रह सकें.' पुलिस का संदेश साफ था कि एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है.
सलमान अली आगा का मुश्किल दिन यहीं खत्म नहीं हुआ. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई. रन आउट होने के बाद गुस्से में उन्होंने हेलमेट और ग्लव्स फेंक दिए थे. सलमान ने आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत लेवल-1 का उल्लंघन किया, ऐसे में उन्हें आईसीसी ने उनके खाते में एक डिमेरिट अंक दिया. 24 महीने में सलमान का ये पहला अपराध था.
इस रन आउट के बाद पाकिस्तान की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए. बाद में पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए डीएलएस नियम के तहत मुकाबला 128 रनों से जीत लिया और सीरीज में 1-1 से बराबर कर ली. सलमान आगा का यह रन आउट अब क्रिकेट जगत में चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो लगातार वायरल हो रहा है.