मोईन अली ने भारतीय क्रिकेट के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा की जमकर तारीफ की है. इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन का मानना है कि क्रिकेट को पढ़ने और हर परिस्थिति का हल निकालने की क्षमता के मामले में नेहरा सबसे आगे हैं. दिलचस्प बात यह है कि महेंद्र सिंह धोनी जैसे महान कप्तान के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके मोईन ने 'बेस्ट क्रिकेटिंग ब्रेन' के सवाल पर धोनी का नहीं, बल्कि आशीष नेहरा का नाम लिया.
मोईन अली का मानना है कि खेल को पढ़ने, हर परिस्थिति का समाधान निकालने और खिलाड़ियों को संभालने की कला में आशीष नेहरा का कोई मुकाबला नहीं है. 'बियर्ड बिफोर विकेट' पॉडकास्ट में मोईन अली ने कहा कि उनके लिए 'क्रिकेटिंग ब्रेन' वह है, जिसे खेल की लगभग हर स्थिति की समझ हो और जिसके पास हर सवाल का जवाब या कम से कम एक ठोस सोच हो.
उन्होंने कहा, 'ऐसा इंसान जो बता सके कि कौन खिलाड़ी अच्छा है, कौन नहीं, किस परिस्थिति में क्या करना चाहिए और आगे क्या हो सकता है. उसकी हर बात के पीछे सिर्फ अंदाजा नहीं, बल्कि डेटा, अनुभव और ठोस कारण होते हैं. मैं आशीष नेहरा का नाम लूंगा. वह गुजरात टाइटन्स के कोच हैं. मैंने उनके साथ आरसीबी में दो साल काम किया है. क्रिकेटिंग ब्रेन की बात करें तो उन्हें पूरी तरह पता होता है कि वह क्या कर रहे हैं. उन्हें टीम का माहौल बनाना आता है, खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को कैसे संभालना है, यह भी बखूबी आता है. उनका क्रिकेट दिमाग कमाल का है.'
RCB के बॉलिंग कोच रह चुके नेहरा
मोईन अली और आशीष नेहरा ने 2018 और 2019 के आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में साथ काम किया था. उस समय नेहरा टीम के गेंदबाजी कोच थे. मोईन का कहना है कि उन्हीं दो वर्षों में उन्होंने नेहरा की रणनीतिक सोच, मैच को पढ़ने की क्षमता और खिलाड़ियों से संवाद करने का तरीका बेहद करीब से देखा.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने रचा इतिहास, इमरान-मिस्बाह उल हक के खास क्लब में एंट्री, अब 2 बड़े रिकॉर्ड निशाने पर
संन्यास के बाद आशीष नेहरा ने कोचिंग की शुरुआत आरसीबी से की, लेकिन उनकी असली पहचान 2022 में बनी, जब उन्हें नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स (GT) का हेड कोच बनाया गया. नेहरा ने गुजरात टाइटन्स को उसके पहले ही सीजन में आईपीएल चैम्पियन बना दिया. इसके साथ ही वह आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय हेड कोच बने.
यह भी पढ़ें: भारत ने पाकिस्तान से छीनी जीत... रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराया, ऋषि धवन-सुबोथ भाटी बने जीत के हीरो
इसके बाद गुजरात टाइटन्स लगातार लीग की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाने लगी. टीम ने पांच सीजन में सिर्फ एक बार प्लेऑफ में जगह नहीं बनाई, जबकि हर सीजन उसे खिताब का सबसे बड़ा दावेदार भी नहीं माना गया.