इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) का दूसरा मैच आज यानी रविवार को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाना है. ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े मैदान पर होगा. लेकिन इस भिड़ंत से पहले एक सवाल सभी के मन में है कि क्या इस बार आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शुमार मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच जीत सकेगी?
दरअसल, 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि टीम पिछले 13 सीजन से अपना पहला मैच जीतने में नाकाम रही है. अब रविवार को केकेआर के खिलाफ वानखेड़े में एक बार फिर वही सवाल खड़ा है - क्या मुंबई आखिरकार अपने ओपनिंग मैच के जिंक्स को खत्म कर पाएगी?
केकेआर के सहायक कोच शेन वॉटसन ने भी इस रिकॉर्ड को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा, “उम्मीद है कि मुंबई इंडियंस का पहले मैच में हारने का रिकॉर्ड जारी रहेगा. हालांकि, हम वानखेड़े में खेल रहे हैं और यह उनका किला है. यहां उन्हें हराना आसान नहीं होता.”
ऐसा रहा है मुंबई का ओपनिंग रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस ने अपने 18 सीजन ओपनर्स में से 14 मुकाबले गंवाए हैं. टीम को 2008 में भी अपने पहले आईपीएल मैच में हार मिली थी, जब आरसीबी ने उसे पांच विकेट से हराया था. मुंबई ने आखिरी बार 2012 में अपना पहला मैच जीता था, जब उसने चेन्नई सुपरकिंग्स को चेपॉक में आठ विकेट से हराया था.
वानखेड़े में कैसा है मुंबई का रिकॉर्ड
हालांकि, वानखेड़े में मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है. टीम ने यहां 92 मैचों में 57 जीत दर्ज की हैं और उसका जीत प्रतिशत 62 रहा है. इसके बावजूद, अपने घरेलू मैदान पर भी मुंबई अपने शुरुआती चार मुकाबले हार चुकी है.
मुंबई और केकेआर में किसका पलड़ा भारी
रविवार का मुकाबला मुंबई के लिए इस रिकॉर्ड को बदलने का सबसे बड़ा मौका माना जा रहा है. कागजों पर केकेआर की गेंदबाजी मजबूत दिख रही थी, लेकिन टीम को कई बड़े झटके लगे हैं. मथीशा पथिराना अभी टीम से नहीं जुड़े हैं, हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं और मुस्तफिजुर भी बाहर हैं.
इसके अलावा, टीम के मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हाल के समय में फॉर्म में नहीं दिखे हैं. वहीं मुंबई के पास जसप्रीत बुमराह जैसा बड़ा हथियार मौजूद है, जो शानदार लय में नजर आ रहे हैं.
हेड-टू-हेड का रिकॉर्ड कैसा है
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भी मुंबई के पक्ष में है. दोनों टीमों के बीच खेले गए 35 मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने 24 मैच जीते हैं. ऐसे में कागजों पर मुंबई इस मुकाबले में फेवरेट नजर आ रही है, लेकिन असली सवाल अब भी वही है - क्या मुंबई इंडियंस आखिरकार अपने पहले मैच का अभिशाप खत्म कर पाएगी?
मुकाबले में मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह.
इम्पैक्ट सब: मयंक मार्कंडे/शार्दुल ठाकुर/अश्विनी कुमार
मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग-11: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजारबानी, वरुण चक्रवर्ती और उमरान मलिक.
इम्पैक्ट सब: अनुकूल रॉय/राहुल त्रिपाठी/कार्तिक त्यागी